Shimla: वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में पहुंचेंगी सोनिया गांधी

punjabkesari.in Saturday, Oct 11, 2025 - 08:41 PM (IST)

शिमला (राक्टा): ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित दौलत पार्क में स्थापित की गई पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण 13 अक्तूबर को होगा। इस कार्यक्रम में कांग्रेस संसदीय दल की नेता एवं पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शिरकत करेंगी। इसके साथ ही सांसद एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित अन्य केंद्रीय नेता भी कार्यक्रम में भाग लेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अस्वस्थ होने के चलते कार्यक्रम में भी नहीं पहुंच पाएंगे। इस संबंध में प्रदेश पार्टी मुख्यालय को भी अवगत करवा दिया गया है। वहीं प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए सरकार और संगठन सभी तैयारियों में जुटा हुआ है।

इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को करसोग दौरे से वापस लौटने केे बाद शाम के समय रिज मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल व विक्रमादित्य सिंह, विधायक हरीश जनारथा सहित अन्य नेता व अधिकारी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि पूर्व सी.एम. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को लेकर तैयारियों का दौर जारी है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह पार्टी के वरिष्ठ नेता थे।

उन्होंने कई वर्षों तक सत्ता में रहते हुए जनता की सेवा की। मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि निश्चित तौर पर एक बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है, जिसके लिए सभी नेताओं को न्यौता दिया गया है। इस कार्यक्रम में कई राष्ट्रीय नेता भी पहुंचेंगे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए और पुख्ता सुरक्षा प्रबंध करने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं।

पंचायत चुनाव की भरी जाएगी हुंकार
कांग्रेस पूर्व सीएम स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम से कार्यकर्त्ताओं में प्रस्तावित आगामी पंचायत चुनावों को लेकर भी हुंकार भरेगी। यह सरकारी कार्यक्रम है। ऐसे में सरकार अपनी उपलब्धियों का बखान भी करेगी। उक्त कार्यक्रम के बाद हाईकमान कभी भी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के गठन पर मोहर लगा सकता है। गौर हो कि बीते नवम्बर माह से कांग्रेस की प्रदेश से लेकर जिला व ब्लॉक कमेटियां भंग चल रही हैं।

विक्रमादित्य सिंह ने भेजे आमंत्रण
स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को लेकर आमंत्रण पत्र दिए जाने का सिलसिला भी जारी है। इसी कड़ी में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोशल मीडिया पर आमंत्रण पत्र की फोटो शेयर की है। साथ ही अपनी पोस्ट में लिखा है कि सभी की उपस्थिति इस ऐतिहासिक क्षण को और भी गौरवपूर्ण बनाएगी।

रिज पर लगेगी प्रदर्शनी
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के अवसर पर रिज मैदान में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के छाया चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें वीरभद्र सिंह के मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री रहते किए गए कार्यों का बखान चित्रों के माध्यम से किया जाएगा। इसको लेकर पूरी तैयारियां कर ली गई हैं।

सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध
कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था बनी रही, उसके लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इसके साथ ही कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी और सांसद प्रियंका गांधी का काफिला कहां-कहां से होते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगा, इसकी भी पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई। इस दौरान यातायात व्यवस्था पुख्ता बनी रही, उसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News