Shimla: मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेताओं के बीच चल रही खींचतान : जयराम

punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 07:00 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि इस समय मुख्यमंत्री व कांग्रेस पार्टी के नेताओं के बीच खींचतान चल रही है। इसका प्रमाण कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष का सार्वजनिक रूप से गंभीर आरोप लगाना है। उन्होंने कहा कि इन आरोपों को हल्के में नहीं लिया जा सकता और प्रदेश की जनता को इसका स्पष्ट जवाब देना चाहिए। जयराम ठाकुर शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि शहरी निकाय व पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में भाजपा को प्रचंड जनादेश मिला है, जिसमें मुख्यमंत्री सहित कांग्रेसी दिग्गज अपने क्षेत्र में धराशायी हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस नेताओं के पैरों तले से जमीन खिसक चुकी है, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व जनता के फैसले को स्वीकार करने की बजाय राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में लगा हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अभी भी जनादेश को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नवनिर्वाचित भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों के घरों की पैमाइश करवाकर उन्हें डराया व धमकाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विमल नेगी मामले में सीबीआई की चार्जशीट में भ्रष्टाचार स्पष्ट रूप से उजागर हुआ है। जयराम ठाकुर ने इस दौरान हॉर्मुज स्ट्रेट में अमरीकी हमले के दौरान तेल टैंकर पर लापता हुए हमीरपुर के युवा आदित्य शर्मा के पिता से दूरभाष पर बातचीत करके गहरी संवेदना एवं चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा प्रदेश उनके परिवार के साथ खड़ा है।

कसुम्पटी क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य खुश विक्रम सेन मिलने पहुंचे
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से उनके आधिकारिक आवास पर कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिला परिषद के चमियाणा वार्ड से नवनिर्वाचित सदस्य खुश विक्रम सेन मुलाकात करने पहुंचे। उन्होंने इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में आस्था जताई। पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, शिमला जिला भाजपा अध्यक्ष केशव चौहान, कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारी, कार्यकर्त्ता तथा चमियाणा वार्ड के अंतर्गत आने वाले भाजपा समर्थित प्रधान, उपप्रधान, ब्लॉक समिति सदस्य, वार्ड सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News