Shimla: 2024 से खेल कोटे के तहत 99 खिलाड़ियों को मिला रोजगार

punjabkesari.in Sunday, Nov 09, 2025 - 06:57 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को रोजगार देने के लिए निर्धारित 3 प्रतिशत खेल कोटा के तहत वर्ष 2024 से अब तक 99 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को रोजगार प्रदान किया गया है। इसके अलावा प्रदेश सरकार ने पैरालिम्पिक, एशियाई, राष्ट्रमंडल खेलों और विश्व कप में पदक जीतने व भाग लेने वाले अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को पिछले वर्ष कुल 17,44,28,000 रुपए की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की।

प्रदेश सरकार ने विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है। खिलाड़ियों को उचित व संतुलित पोषण सुनिश्चित करने के लिए आहार भत्ता भी बढ़ाया गया है। स्कूलों में भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है ताकि छात्रों को अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिले। प्रदेश के बाहर प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अब 200 किलोमीटर तक की दूरी के लिए एसी थ्री-टियर रेल किराया और लंबी दूरी के लिए इकोनॉमी क्लास हवाई किराया प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने यह निर्णय लिया है कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को उस अवधि के दौरान विशेष अवकाश दिया जाएगा।

खेल मैदानों और अत्याधुनिक खेल अवसंरचना के निर्माण एवं रखरखाव के लिए 38 करोड़ आबंटित
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2024-25 में खेल मैदानों और अत्याधुनिक खेल अवसंरचना के निर्माण एवं रखरखाव के लिए लगभग 38 करोड़ रुपए आबंटित किए गए। यह राशि कुल 74 खेल परियोजनाओं पर खर्च की गई। शिमला जिले के रामपुर बुशहर के दत्तनगर में 9.45 करोड़ रुपए की लागत से एक खेल छात्रावास का निर्माण किया गया है, जिसमें 50 खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था है।

सिरमौर जिले के माजरा में 7.28 करोड़ रुपए की लागत से एक हॉकी एस्ट्रोटर्फ विकसित किया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री युवा खेल प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक खेल मैदान का निर्माण करने का प्रस्ताव है। राज्य के प्रत्येक ब्लॉक में नोडल युवा क्लब स्थापित किए गए हैं। कुल 68 ब्लॉकों में प्रत्येक में एक-एक युवा स्वयंसेवक नियुक्त किया गया है और प्रत्येक जिला मुख्यालय पर भी एक स्वयंसेवक की नियुक्ति की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News