भारी बर्फबारी के बीच राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए नेता

punjabkesari.in Monday, Jan 30, 2023 - 11:19 PM (IST)

शिमला (राक्टा): कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का सोमवार को श्रीनगर में समापन हो गया। बर्फबारी के बीच आयोजित समापन समारोह में राहुल गांधी ने उपस्थित नेताओं और पदाधिकारियों को संबोधित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के साथ ही अन्य नेता भी मौजूद रहे। प्रस्तावित शैड्यूल के अनुसार सी.एम. सुक्खू और प्रतिभा सिंह ने सोमवार को ही श्रीनगर से दिल्ली के लिए रवाना होना था लेकिन भारी हिमपात के चलते ऐसे संभव नहीं हो पाया।

मुख्यमंंत्री सुक्खू ने समापन समारोह में भाग लेने के बाद कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को कन्याकुमारी से कश्मीर तक लोगों का अपार स्नेह और समर्थन मिला है। यह यात्रा शांति और सौहार्द के संदेश के साथ-साथ भारत जोडऩे के लक्ष्य को साधने में सफल हुई है। राहुल गांधी ने यह यात्रा डर की राजनीति के खिलाफ और अन्याय के विरोध के उद्देश्य से भी शुरू की थी। भारत जोड़ो यात्रा ने पिछले 5 महीनों में 14 राज्यों में 3500 किलोमीटर से अधिक दूरी तय की, जिसे देश के सभी वर्गों का अपार सहयोग और स्नेह प्राप्त हुआ। यह यात्रा बीते वर्ष 7 सितम्बर को कन्याकुमारी से आरंभ होकर आज श्रीनगर में संपन्न हुई।

लैफ्टिनैंट गवर्नर से भी नहीं हो पाई मुलाकात
सी.एम. का सोमवार को हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के बीच लंबे समय से चल रहे सीमा विवाद के मसले पर जम्मू-कश्मीर के लैफ्टिनैंट गवर्नर से भी मुलाकात करने का कार्यक्रम प्रस्तावित था लेकिन बर्फबारी के चलते यह कार्यक्रम भी रद्द हो गया। सूचना के अनुसार जम्मू-कश्मीर ने हिमाचल के चम्बा जिले में सलूणी के भांदल पटवार सर्कल की भी 16,954 बीघा भूमि कब्जाई हुई है। इस भूमि पर कुछ किलोमीटर लंबी सड़क और शैड भी बनाए गए हैं। यह मामला पूर्व सरकार में भी उछला था और गृह मंत्रालय के समक्ष भी उठाया गया था लेकिन अभी तक स्थायी हल नहीं निकल पाया है।

दिल्ली जाने पर संशय
मुख्यमंत्री के दिल्ली जाने पर अब संशय है। माना जा रहा है कि अब मुख्यमंत्री श्रीनगर से सीधे चंडीगढ़ पहुंचेंगे और दोपहर बाद वापस शिमला लौट आएंगे। इसके साथ ही प्रतिभा सिंह श्रीनगर से सीधे दिल्ली रवाना होंगी।

प्रतिभा सिंह का वाहन बर्फबारी में फंसा
सूचना के अनुसार जब प्रतिभा सिंह श्रीनगर में आयोजित भारत जोड़ो यात्रा के समापन समारोह में भाग लेकर वापस जाने लगीं तो उनका वाहन बर्फबारी में फंस गया। ऐसे में मुख्यमंत्री ने उन्हें होटल तक पहुंंचाया। वहीं सोशल मीडिया पर भी एक वीडियो वायरल हो रही है, जिसमें मुख्यमंत्री व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एक साथ चलते नजर आ रहे हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News