Himachal: भारत-पाक तनाव के बीच सीएम सुक्खू की हाई लेवल मीटिंग, डीसी-एसपी को दिए ये अहम निर्देश
punjabkesari.in Friday, May 09, 2025 - 05:03 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के दृष्टिगत प्रदेश के सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को वर्तमान स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, लेकिन सभी स्तरों पर सतर्क रहना नितांत अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि आगामी तीन छुट्टियों के दौरान भी मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव कार्यालय और नियंत्रण कक्ष सहित सभी आवश्यक सरकारी कार्यालय सीमित स्टाफ के साथ कार्यरत रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पठानकोट, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिलों के प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि इन राज्यों में सायरन से सतर्क किया जाए तो तुरंत आवश्यक कार्यवाही की जाए। मुख्यमंत्री ने जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण गंभीरता से पालन करने पर जोर दिया।
बैठक में धार्मिक स्थलों, हवाई अड्डों, बांधों, पुलों और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों में पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नियमित रूप से मॉकड्रिल आयोजित करने और प्रदेश में स्थापित नियंत्रण कक्षों को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन भी दिया।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार और भारतीय सेना के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए पाकिस्तानी सेना को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारी सेनाएं साहस और धैर्य के साथ दुश्मन का सामना कर, देश की रक्षा कर रही हैं और हमें अपनी सेनाओं पर गर्व है। उन्होंने प्रदेशवासियों से केवल आधिकारिक जानकारी पर विश्वास करने और अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने का आह्वान किया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक डॉ. अतुल वर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव केके पंत, ओंकार चंद शर्मा, आरडी नजीम, प्रधान सचिव (वित्त) देवेश कुमार, सचिव अभिषेक जैन और राकेश कंवर उपस्थित थे। सभी जिलों के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here