Shimla: रिज मैदान पर राष्ट्रीय नेताओं की प्रतिमाएं स्थापित करने में कोई विरोधाभास नहीं : अग्निहोत्री
punjabkesari.in Friday, Oct 31, 2025 - 06:14 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर राष्ट्रीय नेताओं की प्रतिमाएं स्थापित करने को लेकर कोई विरोधाभास नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने देश के लिए कुर्बानियां दी हैं, कांग्रेस उसके ऊपर राजनीति करने की बजाय सम्मान देगी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 20 वर्ष तक हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा हाल ही में रिज मैदान पर स्थापित हुई है और उनको सम्मान देने के लिए सोनिया गांधी और प्रियंका वाड्रा खुद यहां पहुंचीं। उन्होंने कहा कि रिज मैदान में किन शख्सियतों की प्रतिमाएं स्थापित की जा सकती हैं, उसको लेकर सरकारी स्तर पर चर्चा होगी।
हम भाजपा की तरह आलोचना में नहीं फंसते
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार भाजपा की तरह किसी तरह की आलोचना में नहीं फंसती। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल सहित कई अन्य बड़े नेता कांग्रेस से निकले हैं। ऐसी शख्सियतों का कद इतना बड़ा है कि इनके ऊपर राजनीति नहीं हो सकती। इन शख्सियतों ने देश को आगे बढ़ाने का काम किया है।
रिज मैदान पर इन नेताओं की प्रतिमाएं स्थापित
रिज मैदान पर कई नेताओं की प्रतिमाएं स्थापित हैं। इनमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के अलावा इंदिरा गांधी, अटल बिहारी वाजपेयी, डा. यशवंत सिंह परमार, वीरभद्र सिंह, लाला लाजपत राय और लैफ्टिनैंट जनरल दौलत सिंह की प्रतिमा स्थापित है। इसके अलावा रिज के दूसरे छोर पर स्थित उपायुक्त कार्यालय के समीप सीटीओ चौक पर लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा भी स्थापित की गई है।
अम्बेदकर व राजीव गांधी की प्रतिभा भी स्थापित
शिमला में संविधान निर्माता डा. भीमराव अम्बेदकर व पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं। डा. अम्बेदकर की प्रतिमा चौड़ा मैदान में स्थित है, जिसे अब अम्बेदकर चौक के नाम से जाना जाता है। इसी तरह प्रदेश सचिवालय के पास चौक पर राजीव गांधी की प्रतिमा लगी है। इस जगह को अब सद्भावना चौक के नाम से भी जाना जाता है।

