Shimla: राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा हिमाचल का मान, नई दिल्ली में मिला प्रथम पुरस्कार
punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 05:34 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित तीन दिवसीय इंटरनैशनल एग्रीकल्चर, हॉर्टिकल्चर एवं ऑर्गैनिक एक्सपो-2026 में हिमाचल के बागवानी विभाग ने पहला स्थान हासिल कर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का मान बढ़ाया है। विभाग को यह शीर्ष पुरस्कार उसकी आधुनिक एवं वैज्ञानिक बागवानी प्रणाली, फसल विविधीकरण मॉडल और उच्च मूल्य वाली फसलों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया गया है। बागवानी निदेशक डा. सतीश कुमार शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी के मार्गदर्शन के साथ-साथ किसानों, वैज्ञानिकों और अधिकारियों के सामूहिक प्रयासों को दिया।
प्रदर्शनी के मुख्य आकर्षण उच्च मूल्य वाली फसलें ड्रैगन फ्रूट, एवोकाडो, ब्लूबेरी, कीवी, चेरी, अनार, स्ट्रॉबेरी और लिलियम और विशेष आकर्षण जी.आई. टैग प्राप्त प्रसिद्ध किन्नौरी सेब रहा। प्रदर्शनी के दौरान वरिष्ठ पौध संरक्षण अधिकारी डा. भूपिंद्र सिंह नेगी, उत्कृष्टता बागवानी केंद्र शिलारू के विषय विशेषज्ञ डा. कुशाल सिंह मैहता और मधुमक्खी पालक दमेश कुमार शर्मा ने हजारों आगंतुकों को वैज्ञानिक खेती और जलवायु-अनुकूल तकनीकों की जानकारी दी।

