ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जुड़ेंगी शिमला जिला की सभी 412 ग्राम पंचायतें, डिजिटल सेवाओं का होगा विस्तार

punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 06:19 PM (IST)

Himachal News : भारत सरकार की महत्वाकांक्षी संशोधित भारतनेट (Amended BharatNet) परियोजना के तहत शिमला जिला के सभी 12 विकास खंडों की 412 ग्राम पंचायतों को ऑप्टिकल फाइबर केबल (OFC) आधारित हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इसको लेकर उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आज यहां बैठक आयोजित की गई। परियोजना के अंतर्गत इंटरनेट सेवाएं अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और निर्बाध रूप से उपलब्ध होंगी।

उपायुक्त ने बताया कि इस परियोजना के तहत शिमला जिला में कुल 3,691 किलोमीटर ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने का प्रस्ताव है। परियोजना पूर्ण होने के बाद जिला की सभी ग्राम पंचायतों तक उच्च गति इंटरनेट सुविधा पहुंचेगी, जिससे डिजिटल सेवाओं का विस्तार होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ई-गवर्नेंस, ऑनलाइन शिक्षा, टेलीमेडिसिन, डिजिटल बैंकिंग और विभिन्न सरकारी सेवाओं की पहुंच और अधिक सुदृढ़ होगी। परियोजना के अंतर्गत बसंतपुर, मशोबरा, छौहारा, रामपुर, रोहड़ू, कुपवी, ननखड़ी, नारकंडा, टुटू, जुब्बल-कोटखाई और ठियोग सहित जिला के सभी 12 विकासखंड शामिल हैं। 

उपलब्ध प्रगति के अनुसार, बसंतपुर ब्लॉक में 40 किलोमीटर ऑप्टिकल फाइबर बिछाई जा चुकी है तथा 10 ग्राम पंचायतों को नेटवर्क से जोड़ा गया है। वहीं मशोबरा ब्लॉक में 299 किलोमीटर केबल बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है और 28 ग्राम पंचायतों को कनेक्ट किया जा चुका है। छौहारा, रामपुर तथा रोहड़ू ब्लॉकों के लिए कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं, जबकि कुपवी और ननखड़ी ब्लॉकों में कार्य फिलहाल होल्ड पर है। नारकंडा, टुटू, जुब्बल-कोटखाई तथा ठियोग ब्लॉकों में सर्वेक्षण तथा अन्य कार्य प्रगति पर है।

भारतनेट परियोजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी। इससे पंचायत स्तर पर ऑनलाइन सेवाओं का प्रभावी संचालन संभव होगा तथा ग्रामीण नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और डिजिटल सुविधाओं का लाभ अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेगा। परियोजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी और डिजिटल इंडिया अभियान को सशक्त आधार प्राप्त होगा। बैठक बीएसएनएल सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News