Shimla: नीट का पेपर लीक होना लाखों बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ : हर्षवर्धन
punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 07:47 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): संसदीय कार्य एवं उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा है कि नीट-यू.जी. 2026 पेपर लीक होना लाखों बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने के समान है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में बढ़ते इस भ्रष्टाचार से मेहनती बच्चों का मनोबल टूट रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राजनीतिक एजैंडा की तरह काम कर रही है, जिस कारण बार-बार पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली के विकल्प को अपनाने की आवश्यकता है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटना में कुछ कोचिंग संस्थानों से जुड़े बच्चों को अनुचित फायदा मिलने की बातें भी सामने आ रही हैं।
उन्होंने ईंधन बचाने और सोना नहीं खरीदने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से की गई अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आज देश के आर्थिक हालात ठीक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री इस तरह की बातें करता है, तो इसका संकेत यही है कि देश देश गंभीर आर्थिक संकट की स्थिति से गुजर रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में देश में पैट्रोल-डीजल के साथ रसोई गैस के दाम बड़े स्तर पर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को हर बात गंभीरता से लेने की आवश्यकता है।
सोलन के लिए तैयार हो रहा विजन डॉक्यूमैंट
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि नगर निगम सोलन के चुनाव के लिए विजन डॉक्यूमैंट तैयार किया जा रहा है। इसमें शहर के समग्र विकास पर विशेष फोकस किया गया है। उन्होंने कहा कि पानी के दाम नहीं बढ़ाए जाएंगे और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की डुप्लीकेसी नहीं होने दी जाएगी।

