हिमाचल में भर्ती अनियमितताओं, पेपर लीक और भ्रष्टाचार पर प्रदेश सरकार पूरी तरह बेनकाब: जयराम

punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 05:44 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक जैसे मामलों पर कांग्रेस सरकार की भूमिका पूरी तरह संदेह के घेरे में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण देने का कार्य कर रही है और इसी कारण प्रदेश के लाखों युवाओं का सरकार से विश्वास उठता जा रहा है। जयराम ठाकुर रविवार को शिमला के जाखू वार्ड में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के सामूहिक श्रवण कार्यक्रम एवं एक पेड़ मां के नाम अभियान में भाग लेने के उपरांत बातचीत कर रहे थे। कांग्रेस द्वारा हाल ही में निकाले गए कैंडल मार्च पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह राजनीतिक अवसरवाद का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को युवाओं के भविष्य की चिंता नहीं, बल्कि राजनीतिक लाभ की चिंता है। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें रही हैं, वहां भर्ती परीक्षाओं में सबसे अधिक घोटाले और पेपर लीक हुए हैं।

राजस्थान में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान 22 से अधिक पेपर लीक हुए तथा छत्तीसगढ़ में भी 18 भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होने के मामले सामने आए। ऐसे में कांग्रेस को नैतिकता का पाठ पढ़ाने का कोई अधिकार नहीं है। यदि हिमाचल प्रदेश की बात करें तो हाल ही में हुई पुलिस भर्ती परीक्षा में स्वयं अभ्यर्थियों ने लिखित रूप से शिकायत दी कि परीक्षा केंद्रों के भीतर खुलेआम मास चीटिंग करवाई गई। अभ्यर्थियों ने अनियमितताओं की जानकारी प्रशासन और सरकार को दी, लेकिन आज तक इस पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच नहीं करवाई गई। जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में जब पुलिस भर्ती पेपर लीक का मामला सामने आया था, तब सरकार ने बिना किसी दबाव के तुरंत सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। सीबीआई की जांच में कुछ अधिकारियों की भूमिका और लापरवाही स्पष्ट रूप से सामने आई, लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार ने उन अधिकारियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंप दीं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को प्रदेश की जनता को बताना चाहिए कि आखिर किन कारणों से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई । इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा, जागरूकता और राष्ट्र निर्माण का अभियान बन चुका है। इस अवसर पर डा. जनक राज, संजय सूद, कर्ण नंदा, संजीव चैहान, संजीव देशटा, चंद्रशेखर, अंजुला ठाकुर, मनोचा, शालिंदर चैहान, रमेश गंगोत्रा, नमन व श्याम शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस बेरोजगार युवाओं के कंधों पर राजनीति करने का कर रही प्रयास
उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के हितों की लड़ाई नहीं लड़ रही, बल्कि छात्रों और बेरोजगार युवाओं के कंधों पर राजनीति करने का प्रयास कर रही है। प्रदेश का युवा पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया चाहता है, लेकिन कांग्रेस सरकार इस दिशा में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए कठोर कदम उठा रही
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार कठोर कदम उठा रही है। हाल ही में केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रणाली को मजबूत करने तथा पेपर लीक और परीक्षा माफिया पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधान किए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक कदम पहले कभी नहीं उठाए गए। संसद में इस संबंध में लाए जा रहे विधायी प्रावधान देश के युवाओं के हितों की रक्षा करेंगे और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News