Himachal: नीट पेपर लीक और राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर CM सुक्खू ने घेरी भाजपा, दागे तीखे सवाल
punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 06:39 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राष्ट्रीय और राज्य स्तर के मुद्दों को लेकर भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा जुबानी हमला बोला है। शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने नीट पेपर लीक, राज्य के वित्तीय अधिकारों और मानसून से प्रदेश में हो रही तबाही पर विस्तार से अपनी बात रखी।
आखिर भाजपा सरकारों में ही क्यों होते हैं पेपर लीक?
नीट विवाद पर बोलते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने सवाल उठाया कि पेपर लीक की घटनाएं अक्सर भाजपा सरकारों के कार्यकाल में ही क्यों सामने आती हैं। उन्होंने पूर्व की जयराम ठाकुर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौरान हिमाचल प्रदेश में पुलिस भर्ती सहित कई अन्य पेपर लीक हुए थे। सीएम ने कहा कि इन्हीं मामलों के कारण हमारी सरकार ने सत्ता में आते ही अधीनस्थ चयन आयोग को भंग किया और आरोपियों को सलाखों के पीछे डाला।
राहुल लड़ रहे छात्रों के हक की लड़ाई, राजनीति कहना उचित नहीं
विपक्ष के नेता राहुल गांधी का बचाव करते हुए सुक्खू ने कहा कि राहुल छात्रों के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं, इसे राजनीति नहीं कहा जाना चाहिए। भाजपा को नसीहत देते हुए सीएम ने कहा कि झूठ जब सच से टकराता है, तो जीत हमेशा सच की होती है। बातचीत के दौरान उन्होंने भाजपा से दो सीधे सवाल भी पूछे कि श्रीराम मंदिर चंदा चोरी और नीट पेपर लीक के पीछे असल में किसका हाथ है?
संसाधनों का इस्तेमाल पर केंद्र हमें 90 हजार करोड़ दे तो आरडीजी की जरूरत नहीं
राज्य के वित्तीय अधिकारों की वकालत करते हुए मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सामने बड़ी मांग रखी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के संसाधनों, विशेषकर वन संपदा और नदियों के पानी का इस्तेमाल कर रही है, जिसके एवज में राज्य को 90,000 करोड़ रुपए की अदायगी की जानी चाहिए। सीएम ने कहा कि हिमाचल को पनबिजली परियोजनाओं में 50 फीसदी रॉयल्टी मिलनी चाहिए और 40 वर्ष बाद ये प्रोजैक्ट राज्य को वापस सौंपे जाने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि केंद्र सरकार हिमाचल को उसके संसाधनों का यह हक दे देती है, तो राज्य को केंद्र से मिलने वाले राजस्व घाटा अनुदान की कोई आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
नदियों से दूसरे राज्यों को फायदा, हिमाचल को मिलती है तबाही
मुख्यमंत्री ने दर्द बयां करते हुए कहा कि हिमाचल की नदियों से दूसरे राज्यों को पानी और बिजली मिलती है, लेकिन जब यही नदियां हिमाचल में तबाही मचाती हैं, तो राज्य को उसके नुक्सान की उचित भरपाई नहीं की जाती। श्रीमद् भागवत गीता का हवाला देते हुए सुक्खू ने कहा कि यदि कोई अन्याय करता है, तो उसको सहना भी पाप है।
कांगड़ा के शाहपुर में 19 घर बहे, सीएम जल्द करेंगे दौरा
प्रदेश में भारी बारिश से मची तबाही पर अपडेट देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र में बादल फटने जैसी घटना से 19 घर पूरी तरह बह गए हैं। इसके अलावा किन्नौर जिले में भी मानसून ने भारी तबाही मचाई है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मौसम अनुकूल होते ही वह स्वयं शाहपुर क्षेत्र का दौरा करेंगे और हालात का जायजा लेकर प्रभावितों की हरसंभव मदद सुनिश्चित करेंगे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

