प्राकृतिक खेती योजना बंद कर किसानों को परेशान कर रही सरकार : जयराम

punjabkesari.in Tuesday, Oct 31, 2023 - 07:18 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार प्राकृतिक खेती योजना को बंद कर किसानों को परेशान कर रही है। इससे स्पष्ट है कि वर्तमान सरकार सिर्फ बदले की भावना से काम कर पूर्व सरकार की योजनाओं को बंद कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से राज्य सरकार आगे बढ़ रही है, उससे लगता है कि वह अपने कार्यकाल में पूर्व भाजपा सरकार की तरफ से शुरू की गई योजनाओं को बंद करने में ही लगी रहेगी। जयराम ठाकुर ने यहां जारी बयान में कहा कि सरकार का पहले से चल रही योजनाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने का दायित्व रहता है, लेकिन वर्तमान सरकार इसके विपरीत अनुसरण कर रही है।

उन्होंने कहा कि इस समय पूरी दुनिया प्राकृतिक खेती को अपना रही है, लेकिन राज्य सरकार इसको बंद कर रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती योजना की सफलता का अनुसरण केंद्र सरकार ने भी किया था ताकि किसान रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग न कर जैविक उर्वरकों का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि अब तक प्रदेश में लगभग 2 लाख से अधिक किसान-बागवान परिवार इस खेती विधि को पूर्ण या आंशिक रूप से कर रहे हैं। प्रदेश की 99 फीसदी पंचायतों में यह विधि पहुंच बना चुकी है, जिसके अंतर्गत 1,17,762 बीघा (9,421 हैक्टेयर) से अधिक भूमि लाई गई है। इससे पहले योजना के तहत वर्ष, 2023 के अंत तक 20 हजार हैक्टेयर से अधिक भूमि को प्राकृतिक खेती के अधीन लाने का लक्ष्य था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News