Shimla: नालागढ़ फायरिंग पर भड़के त्रिलोक कपूर, कहा- कांग्रेस सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त
punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 06:41 PM (IST)
शिमला (संतोष): भाजपा के प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने नालागढ़ में दिन-दिहाड़े हुई फायरिंग की घटना पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और राज्य में गुंडा राज अपने चरम पर है। कपूर ने कहा कि नालागढ़ जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र में दिन-दिहाड़े देसी कट्टे से फायरिंग होना कोई सामान्य घटना नहीं है। यह इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और उन्हें कानून का कोई भय नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की वारदातों से आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है और पूरे प्रदेश में डर का माहौल व्याप्त हो गया है।
कांग्रेस सरकार पर संरक्षण के आरोप
भाजपा प्रवक्ता ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की ढीली कार्यप्रणाली और प्रशासनिक निष्क्रियता के कारण अपराधियों को खुली छूट मिल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के संरक्षण में असामाजिक तत्व सक्रिय हैं, जिसके कारण अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। अगर सरकार समय रहते सख्ती दिखाती, तो आज ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।
सड़क से सदन तक संघर्ष की चेतावनी
त्रिलोक कपूर ने सरकार से मांग की है कि फायरिंग मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाए। प्रदेश में कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए एक ठोस रणनीति बनाई जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस सरकार जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराध पर अंकुश लगाने में विफल रहती है, तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी। पार्टी इस मुद्दे को सड़कों से लेकर सदन तक जोर-शोर से उठाएगी और जनता के हकों के लिए संघर्ष करेगी।

