Shimla: मनरेगा में किए बदलाव को लेकर आंदोलन करेगी सरकार : सुक्खू

punjabkesari.in Sunday, Dec 21, 2025 - 08:42 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि मनरेगा में किए गए बदलाव को लेकर राज्य सरकार आंदोलन करेगी। इसको लेकर प्रदेश सरकार के सभी मंत्री जनता के दरबार में 1 घंटे अनशन करेंगे। उन्होंने कहा कि मनरेगा से हिमाचल प्रदेश को बहुत नुक्सान होगा तथा कांग्रेस पार्टी इसको गंभीरता से ले रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि मनरेगा पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह और पूर्व यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी की सोच थी, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में 100 दिन का रोजगार सुनिश्चित होता था। कोरोना काल में यह योजना सबसे अधिक मददगार साबित हुई। इससे महिलाओं को भी काम करने का अवसर मिला, लेकिन केंद्र सरकार ने इसको बंद करके ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नुक्सान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भी 2 बार मनरेगा के वेज 80 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से बढ़ाए।

उन्होंने कहा कि जीएसटी से भी राज्य को नुक्सान हुआ है। पहले अकेले बद्दी जैसे औद्योगिक क्षेत्र से 4,000 करोड़ रुपए जीएसटी आता था, जो अब मिलना बंद हो गया है। उन्होंने कहा कि जीएसटी से होने वाले लाभ को देखते हुए ही नई औद्योगिक नीति में उद्योगों को 3 रुपए प्रति यूनिट बिजली उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि जीएसटी कंज्यूमर बेस्ड है यानी इससे अधिक जनसंख्या वाले राज्यों जैसे महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और बिहार को लाभ हुआ है।

पर्यटन क्षेत्र में 2,400 करोड़ का निवेश कर रही सरकार
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में राज्य सरकार 2,400 करोड़ रुपए का निवेश कर रही है। इसी उद्देश्य से कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार पर 3,000 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इसमें 500 करोड़ रुपए भूमि अधिग्रहण पर खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र से 18 फीसदी जीएसटी आता है, जिसको देखते हुए सरकार इस पर विशेष ध्यान दे रही है।

हैल्थ टूरिज्म को प्रमोट करेंगे
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार हैल्थ टूरिज्म को प्रमोट करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आबोहवा सेहत के लिए अच्छी है। ऐसे में सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं पर काम कर रही है।

तपोवन में बनेगा इंटरनैशनल कन्वैंशन सैंटर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार धर्मशाला के तपोवन में इंटरनैशनल कन्वैंशन सैंटर बनाने जा रही है। इससे भी क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। यानी धर्मशाला में एयरपोर्ट विस्तार से कांगड़ा को टूरिज्म कैपिटल के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News