Shimla: मित्रों की नहीं, जनता की सरकार चलाकर खर्चों में की जाए कटौती : बिंदल
punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 06:09 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा है कि राज्य में मित्रों की बजाय जनता की सरकार चलाकर खर्चों में कटौती की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 3 साल में वर्तमान सरकार को 27,000 करोड़ रुपए दिए हैं। ऐसे में केंद्र सरकार और भाजपा पर दोषारोपण करना गलत है। उन्होंने कहा कि आज हालत यह है कि हिमाचल प्रदेश में बनने वाला सीमैंट पंजाब में 100 रुपए सस्ता है तथा एचआरटीसी के 500 रूट बंद करके आम जनता को परेशान किया जा रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठक में राज्य सरकार की तरफ से दिए गए आंकड़ों में स्पष्ट हो गया है कि केंद्र सरकार की तरफ से विकास कार्यों के लिए उदार वित्तीय सहायता मिली है। उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठक की गंभीरता का पता इसी से चलता है कि उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष के अलावा प्रदेश सरकार के अधिकांश मंत्री इससे अनुपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि जब वित्त आयोग, टैक्स डिवोल्यूशन व केंद्रीय योजनाओं से ऐतिहासिक सहयोग मिला है तो फिर भी वित्तीय संकट का शोर क्यों किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति के लिए वर्तमान कांग्रेस सरकार दोषी है, जबकि वह अपनी नाकामियों का ठीकरा केंद्र सरकार पर फोड़ रही है।
वर्ष 2026 में केंद्रीय करों से मिलेंगे 13,950 करोड़
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को केंद्रीय करों में हिस्सा 0.830 फीसदी से बढ़कर 0.914 फीसदी कर दिया गया है। इससे राज्य को वर्ष 2026 में लगभग 13,950 करोड़ रुपए प्राप्त होंगे, जो पिछले वर्ष से करीब 2,450 करोड़ रुपए अधिक हैं। इसके अतिरिक्त ग्रामीण व शहरी विकास मद में लगभग 4,179 करोड़ रुपए तथा एसडीआरएफ और डीएमएफ मद में लगभग 2,682 करोड़ मिलने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े किसी राजनीतिक दल के नहीं, बल्कि राज्य सरकार के हैं।
हिमाचल को मिल रही 2.12 लाख करोड़ की मदद
डा. राजीव बिंदल ने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से विभिन्न योजनाओं, केंद्र प्रायोजित परियोजनाओं, टैक्स डिवोल्यूशन, विश्व बैंक सहायता, नाबार्ड फंडिंग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा अन्य अवसंरचना योजनाओं सहित प्रदेश को लगभग 2.12 लाख करोड़ रुपए की कुल सहायता प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त लगभग 46,000 करोड़ रुपए की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग और फोरलेन परियोजनाएं चल रही हैं तथा लगभग 6,000 करोड़ रुपए राष्ट्रीय राजमार्ग के रखरखाव पर खर्च किए जा रहे हैं। साथ ही सीमा सड़क संगठन की परियोजनाएं इससे अलग हैं।
10 झूठी गारंटियों से जनादेश को चुराया
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले जनता को 10 झूठी गारंटियां देकर जनादेश को चुराया। उन्होंने कहा कि जब वित्तीय प्रबंधन करना कांग्रेस के बस की बात नहीं थी, तो क्यों सभी महिलाओं को 1,500 रुपए प्रतिमाह देने, हर घर को 300 यूनिट फ्री बिजली देने और प्रतिवर्ष 1 लाख बेरोजगार युवाओं को पक्की नौकरी देने जैसे झूठे वायदे किए।
केंद्र में कांग्रेस सरकारों से कई गुना अधिक वित्तीय मदद मिली
डा. राजीव बिंदल ने कहा कि केंद्र में रही कांग्रेस सरकारों से कई गुना अधिक मदद भाजपा सरकार के समय वित्तायोग के माध्यम से मिली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों के समय हिमाचल प्रदेश को छठे वित्तायोग से 161 करोड़ रुपए, 11वें वित्तायोग से 1,979 करोड़ रुपए, 12वें वित्तायोग में 10,202 करोड़ रुपए और 13वें वित्तायोग से 7,889 करोड़ रुपए मिले। इसके विपरीत वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार से 14वें वित्तायोग में 40,624 करोड़ रुपए और 15वें वित्तायोग में 48,000 करोड़ रुपए मिले।

