Shimla: मंडी को मिलीं 25 नई इलैक्ट्रिक बसें, मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से दिखाई हरी झंडी

punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 05:50 PM (IST)

शिमला (राजेश): सोमवार को जिला मंडी को 25 नई इलैक्ट्रिक बसें मिली। इन इलैक्ट्रिक बसों का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सचिवालय में वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर किया। मुुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों की निर्धारित ड्राइविंग रेंज 80 प्रतिशत स्टेट ऑफ चार्ज पर लगभग 180 किलोमीटर है। परिचालन के दौरान इन बसों का प्रदर्शन अत्यंत उत्साहजनक रहा है। इलैक्ट्रिक बसों के संचालन से एचआरटीसी की परिचालन लागत में भी कमी आ रही है।

पारंपरिक डीजल बसों की तुलना में इलैक्ट्रिक बसों के संचालन से ऊर्जा लागत में लगभग 12-13 रूपये प्रति किलोमीटर की बचत हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इलैक्ट्रिक बसों के बेड़े का यह विस्तार प्रदेश में कार्बन उत्सर्जन कम करने, जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता घटाने तथा स्वच्छ एवं हरित सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

सरकार आने वाले समय में खरीदेगी 1000 ई-बसें व 200 हाईड्रोजन बसें
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अगले 5 साल में एचआरटीसी को आत्मनिर्भर बनाने का है। सरकार आने वाले समय में 1000 ई-बसें और 200 हाईड्रोजन बसें खरीदेगी। उन्होंने कहा कि हमने पहले बजट में ग्रीन हिमाचल की परिकल्पना की थी और इन बसों का संचालन इसी दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep