Shimla: 21 अगस्त से आरंभ होगा हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसूत्र सत्र

punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 06:00 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश की चौदहवीं विधानसभा का 12वां सत्र 21 अगस्त से आरंभ होगा। यह सत्र 3 सितम्बर तक चलेगा, जिसमें कुल 10 बैठकों का आयोजन किया जाएगा। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता की संस्तुति के बाद विधानसभा सचिवालय की तरफ से इसकी अधिसूचना जारी कर दी की गई है। इस बार 22 अगस्त को शनिवार के दिन भी बैठक आयोजित की जाएगी, जबकि 28, 29 व 30 अगस्त को बैठकें नहीं होंगी। रक्षाबंधन के कारण 28 अगस्त को, शनिवार होने पर 29 अगस्त को और 30 अगस्त को रविवार के दिन बैठकें आयोजित नहीं की जाएंगी। सदन में 27 अगस्त का दिन गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित किया गया है।

सदस्यों को ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों विकल्प उपलब्ध : पठानिया
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि सत्र की अधिसूचना जारी होने के साथ ही सदस्य अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित सूचनाएं ऑफलाइन तथा ऑनलाइन विधानसभा सचिवालय को भेज सकते हैं। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान कुल 10 बैठकें होंगी, जिसमें 1 दिन गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित किया गया है। उन्होंने पक्ष और विपक्ष से सहयोग की अपील की।

विधायक दल बैठक में रणनीति तय करेगा विपक्ष : जयराम
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मानसून सत्र को लेकर भाजपा विधायक दल बैठक में रणनीति तैयार की जाएगी। विपक्ष के पास सरकार से उठाने के लिए मुद्दों की फेहरिस्त लंबी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विपक्ष को सदन में इन विषयों को उठाने की अनुमति दी जाएगी।

सत्तापक्ष हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार : केवल
उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि सत्तापक्ष हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार है। यदि विपक्ष जनहित से जुड़े विषय को सदन में उठाता है तो सरकार इसके निराकरण की दृष्टि में आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार विपक्ष के हर जवाब का तथ्यों के साथ उत्तर देगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News