Shimla: प्रदेश सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी नवाचारों से लोग हो रहे लाभान्वित : सुक्खू

punjabkesari.in Monday, Dec 22, 2025 - 09:15 PM (IST)

शिमला (हैडली): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी नवाचारों से लोग लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को सुलभ सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए डिजिटाइजेशन को बढ़ावा दिया जा रहा है। शिमला से नई दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री ने यह बात डेलाइट द्वारा आयोजित आरोहण-ग्रोथ विद इम्पैक्ट गवर्नमैंट समिट कार्यक्रम में शिरकत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि राज्य में एक आदर्श सुशासन मॉडल को अपनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद और पात्र नागरिकों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है।

वर्तमान में तकनीक के उपयोग के महत्व को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी क्षेत्रों में नवीनतम तकनीक का उपयोग कर विभिन्न सेवा प्रणालियों को आधुनिक बनाने और इनकी परिचालन क्षमता में सुधार करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। हिम परिवार परियोजना का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य राज्य के नागरिकों का सटीक डाटाबेस तैयार करना है, इससे विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की पहचान में सहायता मिल रही है।

उन्होंने कहा कि हिम परिवार पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ही लोगों की विभिन्न सेवाओं और योजनाओं तक पहुंच सुनिश्चित होती है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में की गईं महत्वाकांक्षी पहलों के बारे में भी विस्तारपूर्वक बताया। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, प्रधान सलाहकार (नवाचार, डिजिटल टैक्नोलॉजीज एवं गवर्नैंस) गोकुल बुटेल, ओएसडी कर्नल केएस बांशटु और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मिले सीएम
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नई दिल्ली दौरे के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से भी मुलाकात की। उन्होंने इस दौरान सत्ता-संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News