इंदु गोस्वामी बनीं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री

punjabkesari.in Monday, Jun 21, 2021 - 09:47 PM (IST)

शिमला, (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। पार्टी की तरफ से इस आशय संबंधी आदेश जारी कर दिए गए हैं, जिसमें इंदु गोस्वामी के साथ सुखप्रीत कौर और दीप्ति रावत को भी राष्ट्रीय महामंत्री का प्रभार सौंपा गया है। इंदु गोस्वामी इससे पहले भी संगठन में अहम दायित्व संभाल चुकी हैं। वह हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने वाली नौवीं महिला सांसद हैं। उनसे पहले राजकुमारी अमृत कौर, मोहिंद्र कौर, सत्यावती डांग, लीला देवी, ऊषा मल्होत्रा, चंद्रेश कुमारी, बिमला कश्यप और विप्लव ठाकुर राज्यसभा सदस्य रह चुकी हैं।

 इनमें विप्लव ठाकुर व मोङ्क्षहद्र कौर क्रमश: 2-2 बार राज्यसभा के लिए चुनी गई हैं, साथ ही राजकुमारी अमृत कौर भारत की पहली स्वास्थ्य मंत्री भी रही हैं। 12 अप्रैल, 1967 को कांगड़ा में जन्मी इंदु गोस्वामी भाजपा से करीब 35 वर्ष से जुड़ी रही हैं। वह वर्ष 1987-90 तक ए.बी.वी.पी. में सक्रिय रहीं तथा इसके बाद वर्ष 1990-92 तक भाजपा मंडलाध्यक्ष, वर्ष 1992-94 तक जिला भाजयुमो उपाध्यक्ष, वर्ष 1994-96 तक भाजयुमो सचिव, वर्ष 1996-98 तक भाजयुमो राज्य उपाध्यक्ष, वर्ष 1998-2002 तक 2 बार राज्य भाजपा महिला मोर्चा महासचिव, वर्ष 2007-12 तक राज्य भाजपा कार्यकारी सदस्य, वर्ष 2013-16 तक भाजपा प्रदेश सचिव और वर्ष 2016-2019 तक भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रहीं।

 वर्ष 2017 में उन्होंने पालमपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा टिकट पर चुनाव लड़ा था। वह वर्ष 1998-2000 तक राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष तथा वर्ष 2000-03 तक राज्य समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष भी रही हैं। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष रश्मिधर सूद ने इंदु गोस्वामी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि उनका राष्ट्रीय महामंत्री बनाया जाना हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

मोर्चों में ये नेता भी संभाल चुके हैं दायित्व
हिमाचल प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा में इससे पहले वर्तमान प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष रश्मिधर सूद भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। इसके अलावा प्रदेश भाजपा महामंत्री त्रिलोक कपूर 2 बार राष्ट्रीय स्तर पर महामंत्री रह चुके हैं। उनके अलावा पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप एवं पूर्व सांसद सुरेश चंदेल भी राष्ट्रीय मोर्चों में अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News