Bilaspur: डशबस में महिला से चेन स्नैचिंग, 2 महिलाएं दबोचीं
punjabkesari.in Wednesday, May 07, 2025 - 09:14 PM (IST)

घुमारवीं (जम्वाल) : घुमारवीं बस स्टैंड के साथ ही बस में सवार बाहरी राज्य से संबंध रखने वाली चेन स्नैचिंग गिरोह की महिलाओं ने एक महिला की चेन छीन ली। महिला को चेन स्नैचिंग का आभास तब हुआ, जब चेन का लॉकेट कपड़ों में गिरा और फंस गया। महिला ने तुरंत बस से उतर कर उन महिलाओं का पीछा किया और स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। यह घटना महिला अध्यापिका के साथ उस समय हुई, जब वह सरकारी बस से अपने घर टकरेड़ा जा रही थी।
पीड़ित महिला की पहचान रुकसाना पत्नी शब्बीर मोहम्मद गांव टकहरेड़ा तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर के रूप में हुई है तथा चेन स्नैचिंग की घटना को अंजाम देने वाली 2 महिलाएं पंजाब राज्य से हैं। महिलाएं पुलिस के लिए पहेली बनी हुई हैं तथा अपनी पहचान बताने में टालमटोल कर रही हैं। डीएसपी जिला मुख्यालय मदन धीमान ने बताया कि इस तरह का मामला हुआ है। इसमें अभी तक पूरी बात क्लीयर नहीं हुई। बात साफ होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। 2 महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। पुलिस इसकी जांच में जुटी है।