रैलियों में गई एचआरटीसी बसों का किराया भी नहीं चुका पाई भाजपा व कांग्रेस

punjabkesari.in Wednesday, Jul 17, 2024 - 04:58 PM (IST)

शिमला (राजेश): एचआरटीसी में पैंशनरों की पैंशन व कर्मचारियों को अन्य भत्ते जारी करने में बजट की कमी सामने आ रही है। हालांकि परिवहन निगम अपनी आय बढ़ाने की निरंतर कोशिश कर रहा है और बीते सालों में इस साल कमाई में बढ़ौतरी भी की है। लेकिन फिर भी वित्तीय स्थिति डगमगा रही है। वहीं निगम को करोड़ों रुपए की राशि लेने को भी है। चुनावों व सहित राजनीतिक दलों की रैलियों में गई बसों की राशि अभी तक निगम को नहीं मिली है। चाहे फिर वह भाजपा का आजादी महोत्सव को लेकर हिमाचल में हुआ कार्यक्रम हो या फिर कांग्रेस सरकार के जश्न कार्यक्रम।

इन कार्यक्रमों के लिए बसों का उपयोग तो किया, लेकिन इसका भुगतान अभी तक नहीं किया है। भाजपा ने रैलियों के लिए जो बसें हायर की थीं, उसका 8 करोड़ का भुगतान अभी तक नहीं किया है। इसी तरह कांग्रेस पार्टी ने सरकार के एक साल का जश्न मनाने के लिए निगम की बसों को हायर किया था। इसका 4 करोड़ का भुगतान करना बाकी है। वहीं लोकसभा चुनाव में पोलिंग पार्टियों को लाने व ले जाने के लिए राज्य निर्वाचन विभाग ने एचआरटीसी की 1300 के करीब बसों को हायर किया था। इनका किराया करीब 11.50 करोड़ रुपए है। यह भी अभी आयोग से नहीं आया है, यानि 23 करोड़ के करीब राशि निगम को लेनी है।

बीओडी की बैठक में भी उठा था मामला
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की निदेशक मंडल की बैठक में भी यह मामला उठा था। बीओडी की बैठक में निर्णय लिया गया था कि जिनसे पैसा लेना है, उन्हें पत्र जारी कर जल्द भुगतान करने का आग्रह किया जाए। इसमें निगम की वित्तीय स्थिति के बारे में भी बताया जाए। बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार अब निगम इस प्रक्रिया में जुट गया है।

निगम को मिलेगी राहत
रैलियों में गई बसों की राशि निगम को समय पर मिलती है तो इससे निगम को राहत मिलेगी। वहीं निगम प्रबंधन जहां कर्मचारियों के भत्ते देने के लिए लगातार सरकार से बजट की मांग कर रहा है वहीं करोड़ों रुपए की राशि वापस आने से निगम को राहत मिलेगी।

23 करोड़ रुपए की राशि निगम को लेने को
एचआरटीसी प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर ने कहा कि करीब 23 करोड़ रुपए का बकाया है, जो अभी लेना है। बीओडी की बैठक में भी इस पर चर्चा हुई है। बैठक में लिए निर्णय के अनुसार निगम प्रबंधन ने पत्राचार किया है। उम्मीद है कि जल्द ही राशि का भुगतान हो जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News