कौन हैं अनुराग शर्मा? जिन्हें कांग्रेस ने बनाया राज्यसभा उम्मीदवार, जानें पूरी राजनीतिक प्रोफाइल

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 12:47 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा की खाली हो रही सीट के लिए कांग्रेस आलाकमान ने अनुराग शर्मा का नाम एलान किया है। जब कयासों के बाजार में बड़े-बड़े धुरंधरों के नाम तैर रहे थे, तब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पसंद और संगठन के प्रति निष्ठा ने बाजी मार ली।

कौन हैं अनुराग शर्मा? 

अनुराग शर्मा का चयन यह दर्शाता है कि कांग्रेस अब नए और ऊर्जावान नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। अनुराग एक सफल व्यवसायी होने के साथ-साथ राजनीति में गहरी पैठ रखते हैं। वर्तमान में वे कांगड़ा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे बीड़ बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष के तौर पर भी अपनी पहचान बना चुके हैं। उनके पिता, प्यारे लाल शर्मा, क्षेत्र के एक सम्मानित नेता रहे हैं। उन्होंने छह बार पंचायत प्रधान और एक बार पंचायत समिति अध्यक्ष के रूप में जनता की सेवा की।

शर्मा परिवार के संबंध प्रदेश के कद्दावर नेताओं से रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का उनके घर आना-जाना था, वहीं पूर्व मंत्री संतराम शर्मा के परिवार से भी उनके घनिष्ठ ताल्लुक हैं।

 

मुख्यमंत्री की बधाई: 'संगठन की जीत'

अनुराग शर्मा की उम्मीदवारी की घोषणा होते ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उन्हें सोशल मीडिया के जरिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने इस फैसले को 'जमीनी कार्यकर्ता का सम्मान' करार दिया। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि संगठन से जुड़े व्यक्ति को मौका मिलने से प्रदेश की आवाज संसद में और अधिक प्रखरता से गूंजेगी। मौजूदा अंकगणित को देखते हुए अनुराग शर्मा का राज्यसभा पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है। 

राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि संख्या बल की कमी के कारण भाजपा इस चुनाव में अपना प्रत्याशी नहीं उतारेगी।

हिमाचल विधानसभा में कांग्रेस के पास पर्याप्त संख्या बल है। भाजपा द्वारा चुनाव न लड़ने के फैसले के बाद अनुराग शर्मा के निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News