बजट सत्र का दूसरा चरण : भाजपा ने सरकार को घेरने की बनाई रणनीति, कांग्रेस आज करेगी बैठक

punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 10:40 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मंगलवार को शिमला में बुधवार से शुरू हो रहे बजट सत्र के दूसरे चरण से पहले विपक्षी भाजपा ने मुद्दों को धार दी। उधर, बजट सत्र की रणनीति व फ्लोर मैनेजमैंट तय करने के मकसद से कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज होगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह की अध्यक्षता में होने वाली कांग्रेस विधायक दल की बैठक में विपक्ष के संभावित हमलों का पूर्वानुमान लगा कर उन्हें बेअसर करने की रणनीति बनेगी। विपक्ष कानून व्यवस्था, आरटीआई व भ्रष्टाचार के मुद्दों पर सरकार को बैकफुट पर धकेलने की कोशिश है।

इसी को लेकर भाजपा विधायक दल की बैठक मंगलवार को विली पार्क शिमला में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने की। बैठक में प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार की नीतियों, प्रशासनिक विफलताओं और जनविरोधी फैसलों पर तीखी चर्चा हुई तथा आगामी विधानसभा सत्र में सरकार को मजबूती से घेरने की रणनीति तैयार की गई। बैठक में यह भी तय किया गया कि कांग्रेस सरकार की नीतियों से प्रदेश की जनता को हो रही परेशानियों को लेकर भाजपा पूरे प्रदेश में जनजागरण अभियान चलाएगी और सरकार की विफलताओं को जनता के सामने उजागर करेगी।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने वायदों को निभाने में पूरी तरह विफल रही है और प्रदेश में कुशासन का माहौल बन गया है। भाजपा विधायक दल जनता की आवाज बनकर सदन में सरकार से जवाब मांगेगा और प्रदेश के हितों से जुड़े हर मुद्दे पर सरकार को कठघरे में खड़ा करेगा। बैठक में भाजपा विधायक दल के सदस्य विपिन परमार, सतपाल सत्ती, रणधीर शर्मा, अनिल शर्मा, सुधीर शर्मा, सुखराम चौधरी, बिक्रम ठाकुर, राकेश जम्वाल, बलबीर वर्मा, डीएस ठाकुर, जीत राम कटवाल, इंदर दत्त लखनपाल, सुरिंदर शौरी, आशीष शर्मा, डा. जनक राज, विनोद कुमार, इंद्र सिंह गांधी, लोकेंद्र कुमार, रीना कश्यप, पूर्ण चंद, दिलीप ठाकुर, प्रकाश राणा और रणवीर निक्का उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News