Shimla: एचआरटीसी बेड़े में शामिल 350 नई बसों में लगेगा खराबी का पता
punjabkesari.in Sunday, Jun 08, 2025 - 06:31 PM (IST)

शिमला (राजेश): एचआरटीसी प्रदेश में यात्रियों को सुविधा देने के लिए नई छोटी 350 डीजल बसों की खरीद कर रहा है। यह बी.एस.-6 बसें जहां नई सुविधाओं से लैस होंगी, वहीं इन बसों के खराब होने पर बसों में फाल्ट यानी खराबी का भी पता चलेगा। निगम प्रबंधन बसों की खरीद के साथ प्रदेश के हर एक डिपो के लिए ‘फॉल्ट डायग्नोस्टिक टूल’ भी खरीदेगा, जिसमें एक लैपटॉप में इंस्टॉल साॅफ्टवेयर से सैंसर की सहायता से फाल्ट का पता लग जाएगा कि बस में कहां फाल्ट है और किसे ठीक करना है और वर्कशॉप में तैनात मैकेनिक जल्द बसों काे ठीक करेगा। मैकेनिक को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आएगी। निगम की इस पहल से बसों की मुरम्मत कार्य में समय भी कम लगेगा।
250 होंगी 37 सीटर बसें, 100 मिनी मिडी बसें होंगी 24 सीटर
निगम में लोकल स्तर पर बेहतरीन बस सुविधा देने के लिए निगम 350 बसों की खरीद कर रहा है। इन बसों में 250 डीजल बसें 37 सीटर होंगी, वहीं 100 मिनी मिडी बसें 24 सीटर होंगी। बसों की खरीद के लिए टैंडर प्रक्रिया जारी है। जल्द ही प्रक्रिया पूरी होने के बाद बसों की खरीद होगी और प्रदेश को नई बसें मिलेंगी। निगम अधिकारियों का कहना है कि टैंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद समयबद्ध तरीके से बसें हिमाचल आना शुरू होंगी।
शिमला सहित प्रदेश भर में छोटी बसों की कमी
निगम की अधिकतर पुरानी छोटी व बड़ी 15 साल पूरा कर चुकी बसें स्क्रैप होने के लिए खड़ी हो गई हैं। ऐसे में राजधानी शिमला सहित प्रदेश में मौजूदा समय में छोटी बसों की कमी खल रही है। बसों की कमी के चलते कई रूटों पर बसों को लेकर समस्या भी आ रही है, लेकिन छोटी बसों की खरीद के बाद यह प्रदेश के डिपुओं में पहुंचने लगेंगी। बसों की कमी पूरी होगी और सभी रूटों पर निगम बसें चलाएगा और लोगों को सुविधा देगा।
मुख्य महा प्रबंधक एचआरटीसी पंकज सिंघल का कहना है कि बीओडी की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार 350 डीजल बसें खरीदी जाएंगी। इसमें 250 डीजल बसें 37 सीटर होंगी, वहीं 100 मिनी मिडी बसें 24 सीटर होंगी। टैंडर प्रक्रिया जारी है।