Shimla: हिमाचल पुलिस के बेड़े में शामिल होंगी इलैक्ट्रिक कारें
punjabkesari.in Monday, Oct 13, 2025 - 10:21 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग के बेड़े में जल्द टाटा कर्व की इलैक्ट्रिक कारें शामिल होंगी। इसी कड़ी में विश्व बैंक की एक परियोजना के तहत 35 वाहनों और 14 पैट्रोलिंग वाहनों को खरीदा गया है। इसके अलावा प्रदेश के बर्फीले क्षेत्रों के लिए 7 डीजल वाली महिंद्रा स्कॉर्पियो खरीदी गई हैं। जल्द ही ये इलैक्ट्रिक वाहन हिमाचल पुलिस के सुपुर्द कर दिए जाएंगे। ये वाहन अत्याधुनिक उपकरणों से लैस हैं, जिससे पुलिस कानून का उल्लंघन करने वालों पर नकेल कसेगी।
हिमाचल पुलिस के लिए बनाई गई टाटा कर्व ईवी कारों को पुलिस की जरूरतों के हिसाब से खास तरह से तैयार किया गया है। इसका रंग सफेद रखा गया है और उस पर बड़े अक्षरों में पुलिस, रोड सेफ्टी एन्फोर्समैंट और डायल 112 लिखा गया है। ऊपर की तरफ एलईडी लाइट्स और सायरन लगाए गए हैं, जो आपात स्थिति में तुरंत काम आते हैं। कम्प्यूटर सिस्टम और वायरलैस संचार उपकरण लगाए गए हैं।
हथियारों को सुरक्षित रखने की जगह भी बनाई गई है। विश्व बैंक के प्रोजैक्ट के तहत करीब 35 करोड़ रुपए की लागत से पुलिस के लिए सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर इलैक्ट्रिक वाहनों के अलावा अन्य उपकरणों की खरीद की गई है और जल्द ही इन्हें पुलिस विभाग को सौंपा जाएगा।

