Shimla: जल्द हिमाचल पहुंचेंगी 297 इलैक्ट्रिक बसें, अगले महीने होंगे बसों के ट्रायल
punjabkesari.in Sunday, Sep 07, 2025 - 05:43 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल के हर डिपो में इलैक्ट्रिक बसें चलेंगी। इसके लिए सरकार व निगम प्रबंधन की ओर से 297 इलैक्ट्रिक बसों की खरीद की गई है। जल्द ही ये बसें निगम के बेड़े में शामिल होंगी और हिमाचल पहुंचेंगी। बसों को हिमाचल लाने की तैयारियां भी निगम ने शुरू की दी हैं। इसके लिए निगम के अधिकारी ई-बसों की स्ट्रक्चर इंस्पैक्शन भी कर चुके हैं।
बसों की बॉडी तैयार होने के बाद और प्रोटोटाइप इंस्पैक्शन होने के बाद अगले महीने कुछ बसें शिमला सहित अन्य डिपुओं में ट्रायल के लिए पहुंचेंगी। वहीं इन बसों का प्रदेश के विभिन्न डिपुओं में ट्रायल होगा और देखा जाएगा कि नई खरीदी जा रही इलैक्ट्रिक बसें किस तरह का परफॉर्मैंस पहाड़ी क्षेत्रों में दे रही हैं। ट्रायल सफल होने के बाद यह 297 टाइप-1 और 30 टाइप-3 बसें हिमाचल पहुंचेंगी और डिपुओं में चलेंगी। बसों के पहुंचने से शिमला सहित प्रदेश में बसों की खल रही कमी भी पूरी होगी और जिन लोकल रूटों पर बसों की कमी के चलते रूट प्रभावित हो रहे हैं, उनमें नियमित बसें चलेंगी। इससे हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
कंपनी करेगी 50 प्रतिशत बसों की डिलीवरी
कंपनी प्राथमिक चरण में 50 प्रतिशत यानी 148 बसों की डिलीवरी करेगी। वहीं इसके बाद यह 100 प्रतिशत बसों की पूरी डिलीवरी देगी। ऐसे में माना जा सकता है कि दिसम्बर माह तक ये बसें शिमला व प्रदेश में पहुंचेंगी। नई इलैक्ट्रिक बसों में हल्की मॉडिफिकेशन भी होगी, जिससे ये बसें पहले आई बसों से अलग दिखेंगी और ये 32 सीटर होंगी।
एक बार चार्ज करने पर चलेंगी 180 किमी
सरकार व निगम द्वारा खरीदी जा रही नई इलैक्ट्रिक बसों की बैटरी पावर पहले खरीदी गई बसों से अधिक होगी। जहां मौजूदा समय में ई-बसें 2 घंटे चार्ज किए जाने पर 150 किमी चलती हैं। वहीं ये बसें 180 किमी तक चलेंगी। इससे निगम की कमाई भी अधिक होगी और खर्च कम होगा। इससे निगम की आय में बढ़ौतरी होगी। वहीं इन बसों से प्रदूषण भी कम होगा। इसके अतिरिक्त बसों की ग्राऊंड क्लीयरैंस भी अधिक होगी, जिससे बसें सड़कों पर चलते हुए नीचे नहीं लगेंगी और बस का नुक्सान भी नहीं होगा।