हिमाचल में नशे के खात्मे के लिए सभी राजनीतिक दल आगे आएं : प्रतिभा
punjabkesari.in Tuesday, Feb 18, 2025 - 06:27 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल में बढ़ते नशे के खिलाफ सभी लोगों को आगे आना चाहिए। साथ ही सभी राजनीतिक दलों को नशे के खात्मे के लिए राज्य सरकार का सहयोग करना चाहिए। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने मंगलवार को शिमला में यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे के बढ़ते मामले चिंता का विषय बन गए। ऐसे में इस मुद्दे पर राजनीतिक हित साधने के प्रयास नहीं होने चाहिए और इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करने चाहिए।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार चिट्टे व अन्य नशे के खात्मे के लिए पूरी मजबूती से कार्य कर रही है और इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं। इसके तहत प्रदेश भर में पुलिस कई नशा तस्करों को बेनकाब कर चुकी है। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि बढ़ते नशे के खिलाफ प्रदेश में एक जन जागरण अभियान चलाए जाने की बहुत जरूरत है जिसमें अभिभावकों के साथ समाज के सभी वर्गों, युवक व महिला मंडलों, सामाजिक संस्थाओं, खेल संघों व जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की कुछ पंचायतों में नशे के खिलाफ जो अभियान छेड़े गए हैं, वह बहुत ही सराहनीय कदम है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि युवाओं को नशे की लत से छुड़ाने के लिए जागरूक करने के साथ ही मुख्यधारा में शामिल करने की दिशा में कदम उठाए जाने चाहिए। प्रतिभा सिंह ने युवाओं का आह्वान किया है कि उन्हें हर प्रकार के नशे से दूर रहकर अपने शारीरिक व बौद्धिक विकास के लिए खेलकूद व योगाभ्यास पर ध्यान देते हुए अपना व अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
कहां से आ रहा नशा, कौन तस्करी में संलिप्त
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में नशे की खेप कहां से आ रही है और कौन-कौन इसकी तस्करी में जुड़े हुए हैं, इस पर कड़ी नजर रखने की आवश्यकता है। इसके साथ ही प्रदेश की सीमाओं में चौकसी बढ़ाने के साथ की सूचना तंत्र को भी मजबूत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चिट्टे जैसे नशे की लत में आज कई युवा अपनी जान गंवा चुके हैं जो बेहद चिंता की बात है।