Shimla: स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के लिए ऋण लेकर परियोजना स्वीकृति : शांडिल

punjabkesari.in Friday, Oct 31, 2025 - 11:15 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): स्वास्थ्य मंत्री डा. धनीराम शांडिल ने कहा है कि राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के लिए ऋण लेकर जायका के माध्यम से परियोजना को स्वीकृत किया है। इस तरह राज्य सरकार सभी मैडीकल कालेजों, क्षेत्रीय अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों को सुदृढ़ करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बारे में भाजपा सांसद झूठा श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं। डा. धनी राम शांडिल ने कहा कि जायका परियोजना का सफल कार्यान्वयन राज्य सरकार ऋण लेकर कर रही है, न कि केंद्र सरकार की ग्रांट से।

उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए एक व्यापक परियोजना तैयार की है, जिसकी फंडिंग जायका के माध्यम से की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए सोच है। उन्होंने कहा कि चमियाणा अस्पताल और टांडा मैडीकल कालेज में अब रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध हो चुकी है, जिससे आम लोगों को अत्याधुनिक उपचार सुविधा मिल रही है।

ऐसे में हर्ष महाजन को अब श्रेय लेने की याद आई है, जबकि वह सांसद होने के बावजूद तथ्यों की जानकारी से अनभिज्ञ हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस परियोजना की रूपरेखा लगभग 2 वर्ष पहले तैयार की थी और इसके लिए फंडिंग का प्रावधान जायका से किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग भलीभांति जानते हैं कि जब राज्य में 5 वर्ष तक भाजपा की डबल इंजन की सरकार रही, तब स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बेहद खराब थी।

प्रदेश के बड़े-बड़े अस्पतालों में भी 20-20 वर्ष पुरानी मशीनें लगी थीं और मरीजों को इलाज करवाने के लिए प्रदेश से बाहर भटकना पड़ता था। तत्कालीन भाजपा सरकार ने इसकी सुध नहीं ली। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के प्रयासों से सरकारी अस्पतालों में सस्ता, सुलभ और बेहतर इलाज उपलब्ध हो रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News