Shimla: प्राकृतिक तरीके से उत्पादित अदरक के दाम में 10 रुपए की बढ़ौतरी

punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2026 - 10:05 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को सरकार ने राहत दी है। प्रदेश में प्राकृतिक तरीके से उत्पादित अदरक का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 30 रुपए से बढ़ाकर 40 रुपए प्रति किलोग्राम कर दिया गया है। प्रदेश सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने और प्राकृतिक खेती को आर्थिक रूप से लाभकारी बनाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया है। समर्थन मूल्य में 10 रुपए प्रति किलो की बढ़ौतरी से प्राकृतिक खेती करने वाले अदरक उत्पादकों को अपनी उपज का बेहतर दाम मिल सकेगा। सरकार का मानना है कि इस फैसले से अधिक से अधिक किसान रसायनमुक्त खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

साथ ही अदरक उत्पादन में प्राकृतिक खेती का दायरा बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। सरकार प्रदेश में रासायनिक खाद और कीटनाशकों के इस्तेमाल को कम करने तथा स्थानीय संसाधनों पर आधारित खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रयास कर रही है। शिमला से जारी बयान में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को प्राकृतिक और सतत् कृषि के क्षेत्र में आदर्श राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों तक अधिक से अधिक आर्थिक लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति सुधरेगी, बल्कि मिट्टी की उर्वरता, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। सरकार प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों को नीतिगत और वित्तीय प्रोत्साहन देना जारी रखेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News