Shimla: ओकओवर में मुख्यमंत्री सुक्खू ने सुनीं लोगों की समस्याएं

punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2026 - 07:53 PM (IST)

शिमला (राक्टा): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को अपने सरकारी आवास ओकओवर में प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। बीते कुछ वर्षों में सरकार ने ऐसा विश्वासपूर्ण वातावरण तैयार किया है, जहां लोगों को अपनी बात रखने के लिए किसी औपचारिकता या संकोच की आवश्यकता नहीं है। लोग बेझिझक अपनी समस्याएं और सुझाव सरकार के समक्ष रख रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार इसी संवाद और विश्वास की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले लोगों की बात सुनना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित कदम उठाना सरकार की कार्यशैली का अहम हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं से जुड़े मामलों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए और लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता को राहत पहुंचाना और उनकी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके साथ ही इंटक के राष्ट्रीय वरिष्ठ सचिव संजय गाबा ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान विधायक एवं इंटक के प्रदेश अध्यक्ष बावा हरदीप सिंह भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान असंगठित क्षेत्र, औद्योगिक क्षेत्र, ठेका मजदूरों, आऊटसोर्स कर्मचारियों तथा अन्य क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों से मुख्यमंत्री को अवगत करवाया गया। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार किसी के भी हितों की अनदेखी नहीं होने देगी और संबंधित मांगों पर विचार-विमर्श कर आगामी कदम उठाए जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News