Kangra: नशे के सौदागरों पर बड़ा एक्शन, ज्वालामुखी में 1.890 KG चरस के साथ 2 आदतन तस्कर गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2026 - 04:12 PM (IST)
ज्वालामुखी (नितेश): कांगड़ा जिले की ज्वालामुखी में नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस और स्पैशल डिटैक्शन टीम ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने शहर के बीचोंबीच स्थित वार्ड नंबर-4 के एक रिहायशी मकान में दबिश देकर 1 किलो 890 ग्राम चरस बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कर्ण और राहुल नामक दो स्थानीय युवकों को दबोचा है। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर जब पुलिस व एसडीटी की संयुक्त टीम ने वार्ड नंबर-4 स्थित उक्त घर में छापा मारा, तो तलाशी के दौरान वहां से पौने दो किलो से अधिक की चरस बरामद हुई। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने पकड़े गए दोनों युवकों की कुंडली और पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी स्थानीय स्तर पर नशे के इस काले कारोबार में पहले से ही सक्रिय थे। इनमें से एक युवक के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं, जबकि दूसरे आरोपी पर भी पहले से एक मुकद्दमा चल रहा है।
शहर के घनी आबादी वाले इलाके से चरस की इतनी बड़ी खेप पकड़े जाने को ज्वालामुखी पुलिस की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड और बरामद चरस की मात्रा को देखते हुए पुलिस को इस मामले में किसी बड़े गिरोह और मुख्य सरगना का हाथ होने की आशंका है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक देहरा संदीप धवल ने बताया कि पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही इस नैटवर्क से जुड़े अन्य तारों का पता लगा लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह उगलवाने का प्रयास कर रही है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां-कहां सप्लाई किया जाना था।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

