Shimla: स्नातक अंतिम वर्ष के परीक्षा परिणाम जून के पहले सप्ताह तक घोषित करेगी HPU
punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 10:10 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) स्नातक अंतिम वर्ष (बीए, बीएससी और बीकॉम) के परीक्षा परिणाम जून माह के पहले सप्ताह तक घोषित करेगा। परीक्षा परिणाम समय पर घोषित करने की कवायद के बीच विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैनिंग का कार्य पूरा हो गया है। अब ऑनलाइन मूल्यांकन कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। इस बीच एचपीयू प्रबंधन ने सभी कालेजों के प्रधानाचार्यों को विद्यार्थियों के प्रैक्टिकल व वाइवा के अंक 30 मई तक ऑनलाइन अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। बीए, बीएससी और बीकॉम तृतीय वर्ष की वार्षिक परीक्षाओं के परिणाम समय पर घोषित करने के लिए सभी संबद्ध कालेजों को इस संबंध मेें आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने एक बार फिर सभी कालेजों के प्रधानाचार्यों और सीडीओई निदेशक को निर्देश दिए हैं कि प्रैक्टिकल अंकों को कालेज पोर्टल पर अपलोड व सत्यापित करना सुनिश्चित करें, साथ ही प्रैक्टिकल अंकों की मैन्युस्क्रिप्ट्स मूल्यांकन/परीक्षा शाखा में भी निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा करवाई जाएं। एच.पी.यू. प्रशासन का कहना है कि समय पर अंक अपलोड और सत्यापित होने से बीए, बीएससी. और बीकॉम तृतीय वर्ष के परिणाम शीघ्र घोषित किए जा सकेंगे।
उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य अंतिम चरण में : प्रो. कौशल
परीक्षा नियंत्रक हिप्र विश्वविद्यालय प्रो. श्याम लाल कौशल का कहना है कि स्नातक अंतिम वर्ष की कक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का स्कैनिंग का कार्य पूरा हो चुका है और ऑनलाइन मूल्यांकन कार्य अंतिम चरण में है। सभी कालेजों के प्रधानाचार्यों को 30 मई तक प्रैक्टिकल अंकों को ऑनलाइन अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। स्नातक अंतिम वर्ष के परिणाम जून माह के पहले सप्ताह तक घोषित कर दिए जाएंगे।

