Shimla: बिजली बोर्ड के 7 हजार कर्मचारियों को OPS की घोषणा का इंतजार
punjabkesari.in Monday, Oct 13, 2025 - 07:55 PM (IST)
शिमला (राजेश): बिजली बोर्ड के 7,000 कर्मचारियों को 15 अक्तूबर को शिमला में बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन (हिप्र स्टेट इलैक्ट्रीसिटी बोर्ड इम्प्लाइज यूनियन) के राज्य स्तरीय सम्मेलन में ओपीएस बहाल होने की आस है। कर्मचारियों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस मौके पर बिजली बोर्ड के कर्मचारियों को पुरानी पैंशन बहाली की घोषणा करेंगे। 15 अक्तूबर को यूनियन राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित करने जा रही है, जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।
प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता आते ही प्रदेश में अन्य सरकारी कर्मचारियों की पुरानी पैंशन बहाल हो गई थी, लेकिन बिजली बोर्ड के कर्मचारियों की अभी तक पैंशन बहाल नहीं हुई है। ऐसे में अब यह इंतजार बढ़ता जा रहा है। वहीं कर्मचारियों का यह सम्मेलन कर्मचारियों के लिए उम्मीदों से भरा हुआ इै। वहीं इस पुरानी पैंशन बहाली को लेकर बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन एवं ज्वाइंट एक्शन कमेटी कई बार मुख्यमंत्री से मिल चुकी है।
16 को होंगे राज्य कार्यकारिणी के चुनाव
यूनियन अध्यक्ष कामेश्वर दत्त शर्मा ने बताया कि 15 अक्तूबर को राज्य स्तरीय सम्मेलन के बाद 16 अक्तूबर को यूनियन के राज्य कार्यकारिणी के चुनाव होंगे। वहीं इस चुनाव में प्रदेश भर से कर्मचारी भाग लेंगे और नई कार्यकारिणी का गठन करेंगे। वहीं चुनावों के परिणाम भी इसी दिन घोषित होंगे और यूनियन को नया प्रदेशाध्यक्ष मिलेगा। हिप्र स्टेट इलैक्ट्रीसिटी बोर्ड इम्प्लाइज यूनियन का गठन वर्ष 1971 में हुआ था और तब से लेकर अब तक लगातार कर्मचारियों के संघर्ष अगुआ की भूमिका रही है अब तक इस यूनियन का बड़ा संघर्षशील नेतृत्व रहा है।
बिजली बोर्ड गुजर रहा संकट से
बिजली कर्मचारी यूनियन का अधिवेशन ऐसे समय में हो रहा है, जब बिजली बोर्ड कई तरह के संकटों से गुजर रहा है, वहीं कर्मचारियों के कई मुद्दे जैसे पुरानी पैंशन व विभिन्न श्रेणियों की पदोन्नति लम्बित पड़े हैं। कार्यक्रम के दौरान यूनियन पदाधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री के समक्ष कर्मचारियों की अन्य मांगों व समस्याओं को भी विस्तार से रखा जाएगा, जिसमें तकनीकी कर्मचारियों की पदोन्नति सहित अन्य मामले शामिल हैं।

