Shimla: बिजली बोर्ड कर्मचारियों की 83 मांगों पर प्रबंधन के साथ चार घंटे चला मंथन
punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2026 - 06:33 PM (IST)
शिमला (राजेश): बिजली बोर्ड के कर्मचारियों और पैंशनरों से जुड़ी 83 मांगों को लेकर सोमवार को बिजली बोर्ड प्रबंधन और एच.पी.एस.ई.बी. इम्प्लॉयज यूनियन के बीच करीब चार घंटे तक मैराथन बैठक हुई। बैठक में पुरानी पैंशन योजना की बहाली, नई भर्तियों के लिए पांच वर्षीय रोडमैप तैयार करने, आऊटसोर्स कर्मचारियों के लिए पंजाब की तर्ज पर नीति बनाने और कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े मामलों सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। वहीं यूनियन के 18वें महाधिवेशन में मुख्यमंत्री की ओर से की गई 7 घोषणाओं पर लंबित आदेश जल्द जारी करने की मांग भी उठाई गई।
यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष नितिश भारद्वाज और महासचिव प्रशांत शर्मा ने बताया कि बैठक में कर्मचारियों और पैंशनरों से संबंधित 54 सूत्रीय मांगपत्र, 29 अनुपूरक मांगों तथा मुख्यमंत्री की सात घोषणाओं के कार्यान्वयन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। यूनियन ने उम्मीद जताई कि प्रबंधन कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए मांगों के समाधान के लिए ठोस कदम उठाएगा। बैठक में बिजली बोर्ड प्रबंधन की ओर से प्रबंध निदेशक आदित्य नेगी, निदेशक वित्त श्रवण मांटा, निदेशक परिचालन डा. एम.जी. शर्मा और कार्यकारी निदेशक ईशा ठाकुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

