Shimla: हिमाचल की राजधानी से कांग्रेस महासचिव का मोदी सरकार पर बड़ा हमला

punjabkesari.in Monday, Oct 13, 2025 - 10:11 PM (IST)

शिमला (पंकज राक्टा): पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह वह शख्स थे, जिनके कण-कण में हिमाचल बसता था, हिमाचल की भलाई और हिमाचल की जनता बसती थी। देश को आज पंडित नेहरू, महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी और वीरभद्र सिंह जैसे सच्चे और ईमानदार नेताओं की जरूरत है। यह बात सोमवार को ऐतिहासिक रिज मैदान में आधुनिक हिमाचल के निर्माता स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रियंका वाड्रा ने कही। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर बड़ा हमला किया। प्रियंका ने कहा कि केंद्र में आज जो सत्ता में हैं, वे सच्ची और ईमानदारी राजनीति को नहीं निभा रहे हैं।

हिमाचल की जनता ने खुद देखा कि जब प्रदेश में आपदा से भारी तबाही हुई तो भी केंद्र से मदद नहीं आई। यहां की जनता ने यह भी महसूस किया होगा कि कई परिवार उजड़ गए। हर जगह बस तबाही का ही मंजर था। मुख्यमंत्री सुक्खू केंद्र सरकार से मदद मांगते रहे हैं, लेकिन केंद्र से आज तक मदद नहीं मिली। ऐसा इसलिए किया गया कि क्योंकि उनकी राजनीति सिर्फ और सिर्फ चुनाव जीतने व सत्ता के लिए है। प्रियंका ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासित राज्यों में केंद्र सरकार जनता की जरूरतों को नकार रही है। वीरभद्र सिंह को याद करते हुए प्रियंका ने कहा कि राजनीति में बहुत कम मिसाल है, जो सच्चाई पर चलते हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री पंडित नेहरू हों, इंदिरा गांधी, वीरभद्र सिंह या कांग्रेस के अन्य बड़े नेताओं की बात हो, सभी की यह खासियत थी कि वे जनता से मिलकर उनकी समस्याओं को समझते व उन्हें हल करते थे। प्रियंका ने कहा क मुझे खुशी के साथ ही गर्व है कि मुख्यमंत्री सुक्खू भी इसी परंपरा को निभा रहे हैं। सुक्खू सरलता और सादगी भरा जीवन जीते हैं तथा हमेशा जनता के बीच जाकर उनकी बात सुनते हैं।

पीआर, सोशल मीडिया और इवैंटबाजी से आगे बढ़ने की जरूरत
प्रियंका वाड्रा ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश को और वीरभद्र सिंह ने हिमाचल को जो रास्ता दिखाया, वही कांग्रेस पार्टी की मूल विचारधारा है। उन्होंने मोदी सरकार का नाम लिए बिना कहा कि आज ऐसे नेताओं और राजनीति की जरूरत है, जो पीआर, सोशल मीडिया और इवैंटबाजी से आगे बढ़ कर देश और प्रदेश के हितों व जनता के लिए काम करे।

जब सुनाया चाय की दुकान का किस्सा
प्रियंका ने बीते विधानसभा चुनाव की याद सांझा करते हुए कहा कि वह जब चुनाव प्रचार में आई थीं तो अपनी टीम के लोगों से यह पता करने को कहा कि जनता में कांग्रेस को लेकर क्या भावना है। एक साथी ने बताया कि वह एक चाय की दुकान में गए तो वहां लोग जिस तरह से वीरभद्र सिंह की बात कर रहे थे कि उससे यह उभर कर सामने आया कि एक साधारण व्यक्ति की तरह मुख्यमंत्री रहते हुए भी वीरभद्र किसी भी दुकान में चले जाते व किसी से मिलने पहुंच जाते थे। उनका मिलनसार चरित्र ऐसा था कि जनता को यह लगता ही नहीं था कि वह मुख्यमंत्री के साथ राजा भी हैं, बल्कि यह लगता था कि वह हमारे अपने हैं। यही कांग्रेस की असली परम्परा है।

हिमाचल की वादियों को बचाना होगा
प्रियंका ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से लेकर मेरे परिवार का हिमाचल के साथ विशेष लगाव है। यहां मेरा सिर्फ घर ही नहीं है, बल्कि मुझे पहाड़ और यहां की वादियों से बहुत लगाव है। जिस तरह वीरभद्र सिंह ने प्रदेश के एक-एक पेड़ को कटने से बचाया, उसी तरह हमें भी इन वादियों को बचाना है, सुरक्षित रखना है, क्योंकि ये ही हमारी अमानत हैं।

राहुल निडर होकर सच बोलते हैं
प्रियंका वाड्रा ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी निडर होकर सच बोलते हैं और कांग्रेस पार्टी की इसी विचारधारा को प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसी विचारधारा पर चली है और चलती रहेगी। देश को विकास की राजनीति चाहिए, लेकिन वर्तमान में केंद्र की सरकार इस विचारधारा से दूर है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News