Shimla: 5 लाख नौकरी देने वाली कांग्रेस, विश्वविद्यालय से निकाल रही कर्मचारी : कश्यप
punjabkesari.in Friday, Oct 24, 2025 - 06:07 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): भाजपा प्रदेश पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार एक लाख नौकरी पहली कैबिनेट और 5 लाख नौकरी देने आई थी, मगर कांग्रेस सरकार हिमाचल प्रदेश में नौकरियों को छीनने का काम कर रही है। कांग्रेस सरकार सरकारी विभाग में आऊटसोर्स कर्मचारियों को या तो निकाल रही है या उनका वेतनमान रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के 182 पुराने आऊटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी संकट में है क्योंकि विवि ने नई भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसमें पुराने कर्मचारियों को दोबारा नौकरी पर रखने में प्राथमिकता नहीं दी जा रही है।
विवि प्रशासन ने इस बार कर्मचारियों की अस्थायी नियुक्ति एक माह की अवधि के लिए करने का निर्णय लिया है। यह भर्ती विभिन्न विभागों के प्रशासनिक और तकनीकी शाखाओं में की जा रही है। 30 सितम्बर को 182 आऊटसोर्स कर्मचारियों का करार समाप्त हो गया था। इनमें से कई कर्मचारी 8 से 12 सालों से विश्वविद्यालय में तैनात थे। लंबे समय से सेवाएं देने के बावजूद नई भर्ती में उन्हें प्राथमिकता नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार को पुराने कर्मचारियों के बारे में सोचना चाहिए, उनकी सुननी चाहिए।
उन्होंने कहा कि डीए की घोषणा में भी मुख्यमंत्री ने एक प्रतिशत का हेर-फेर कर दिया। मुख्यमंत्री को पता है कि उन्होंने हिमाचल प्रदेश की वित्तीय स्थिति गंभीर कर दी है। मुख्यमंत्री ने 3 प्रतिशत डीए वृद्धि की घोषणा की है, जबकि केंद्र सरकार ने 4 प्रतिशत डीए की वृद्धि की थी। राज्य सरकार के इस निर्णय से कर्मचारी 1 जुलाई 2023 से देय डीए से वंचित हो गए हैं। इससे साफ हो गया है कि मुख्यमंत्री ने एक प्रतिशत कर्मचारियों का हक छीन लिया है, उनकी मंशा ही नहीं है कि वह कर्मचारियों के बारे में सोचें।

