Shimla: सीएम सुक्खू सोमवार को दिल्ली होंगे रवाना, मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा संभव

punjabkesari.in Sunday, Dec 21, 2025 - 08:15 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सोमवार को दिल्ली रवाना होंगे। अपने दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री आलाकमान से मंत्रिमंडल विस्तार एवं कांग्रेस जिला अध्यक्षों की नियुक्तियों को लेकर चर्चा कर सकते हैं। मंत्रिमंडल में इस समय मंत्री का 1 पद खाली पड़ा है। इसके अलावा किसी मंत्री को पद से हटाया जा सकता है। यदि किसी मंत्री को हटाया जाता है तो फिर नए चेहरे को मंत्रिमंडल में जगह मिलनी तय है। मौजूदा समय में मंडी व कुल्लू जिला से सरकार में प्रतिनिधित्व नहीं मिला है तथा आगामी मंत्रिमंडल विस्तार के समय इस पहलु को ध्यान में रखे जाने की संभावना है। इसी तरह सियासी अंक गणित के हिसाब से कांगड़ा सबसे बड़ा जिला है, जहां से किसी विधायक को मंत्री बनाए जाने की संभावनाएं अधिक नजर आ रही हैं।

विनय कुमार के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर विधानसभा उपाध्यक्ष के पद पर भी किसी नेता की ताजपोशी होना तय है। यह ताजपोशी विधानसभा के बजट सत्र में हो सकती है। मुख्य सचेतक व निगम-बोर्डों में भी ताजपोशी करने को लेकर भी चर्चा हो सकती है। कांग्रेस जिला अध्यक्षों की तैनाती के मामले को लेकर भी आलाकमान से चर्चा की संभावना है। उधर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री पहले से दिल्ली में डटे हैं। उनकी तरफ से सरकार के 3 वर्ष के कार्यक्रम में मंच से उठाया गया मामला भी कांग्रेस आलाकमान के संज्ञान में है। ऐसे में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की मौजूदगी में इस विषय पर चर्चा हो सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News