Himachal: हाईकमान ने मुख्यमंत्री सुक्खू को फिर दिल्ली बुलाया, संगठन के पुनर्गठन पर लगेगी मोहर

punjabkesari.in Monday, Aug 11, 2025 - 11:21 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू मंगलवार को दिल्ली रवाना हो सकते हैं। सूचना के अनुसार पार्टी हाईकमान ने उन्हें प्रदेश में सत्ता और संगठन से जुड़े विभिन्न मसलों पर चर्चा केे लिए दिल्ली बुलाया है। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ ही संगठन के पुनर्गठन पर अब जल्द मोहर लग सकती है।

बीते दिनों ही पार्टी हाईकमान ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सहित 5 कैबिनेट मंत्रियों के साथ दिल्ली में संगठन के पुनर्गठन सहित अन्य मामलों पर चर्चा की थी। वहीं अब अंतिम फैसला लेने से पहले हाईकमान एक बार फिर मुख्यमंत्री से चर्चा करेगा। गौर हो कि प्रदेश में कांग्रेस के पुनर्गठन का मसला बीते 8 माह से लटका हुआ है और हाईकमान पर संगठन के नए सिरे से गठन का दबाव बढ़ता जा रहा है। इसके साथ ही निगम व बोर्ड में पार्टी नेताओं की तैनाती पर भी निर्णय संभव है।

देखा जाए तो कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी संगठन का पुनर्गठन जल्द से जल्द किए जाने का मामला भी हाईकमान के समक्ष उठा चुकी हैं, साथ ही उनके द्वारा सक्रिय नेताओं की ताजपोशी निगम व बोर्ड में किए जाने की पैरवी भी लंबे समय से की जा रही है। गौर हो कि मुख्यमंत्री सोमवार सुबह शिमला के चमियाणा में रोबोटिक सर्जरी का शुभारंभ करने के लिए गए थे। इसी बीच हाईकमान की ओर से उन्हें फोन आया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News