Shimla: केंद्र से प्रदेश को अब तक मिली 8,473 करोड़ की आर्थिक मदद
punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 08:22 PM (IST)
शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश को इस वर्ष अब तक केंद्र सरकार से करीब 8,473 करोड़ रुपए की धनराशि प्राप्त हुई है। इसमें अनुदान और ऋण दोनों मदों से मिली राशि शामिल है। जानकारी के अनुसार प्रदेश को जहां अनुदान के रूप में 5,367 करोड़ रुपए मिले हैं, वहीं ऋण के तौर पर 3,106 करोड़ रुपए प्राप्त हुए हैं। वित्तीय आंकड़ों के मुताबिक अनुदान मद में सबसे बड़ी राशि केंद्रीय करों में राज्य की हिस्सेदारी के तहत प्राप्त हुई है। इस मद में प्रदेश को 3,403 करोड़ रुपए मिले हैं। वहीं केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं के तहत 806 करोड़ रुपए की राशि प्रदेश को प्राप्त हुई है। बाह्य सहायता परियोजनाओं के अंतर्गत 513 करोड़ रुपए मिले हैं। इसके अतिरिक्त अन्य अनुदान मद में 402 करोड़ रुपए प्राप्त हुए हैं।
इसमें राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि आदि से मिलने वाली सहायता भी शामिल है। इसी तरह ऋण मद में प्रदेश को कुल 3,106 करोड़ रुपए प्राप्त हुए हैं। इसमें बाह्य सहायता परियोजनाओं के अंतर्गत प्राप्त ऋण राशि 57 करोड़ रुपए है, जबकि पूंजीगत निवेश के लिए प्रदान की जाने वाली विशेष सहायता योजना यानी एसएएससीआई के तहत प्रदेश को 3,049 करोड़ रुपए की राशि प्राप्त हुई है। इससे साफ है कि ऋण मद में मिलने वाली कुल राशि का बड़ा हिस्सा पूंजीगत निवेश से जुड़ी विशेष सहायता से आया है।
पूंजीगत कार्यों के लिए 3,089.53 करोड़ का बजट प्रावधान
प्रदेश सरकार ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में पूंजीगत व्यय के लिए 3,089.53 करोड़ रुपए की धनराशि का बजट प्रावधान किया है। पूंजीगत कार्यों और परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए यह राशि अहम मानी जा रही है।

