Weather Update: प्रदेश के तीन जिलों में कोहरे का अलर्ट, 2 दिसम्बर तक साफ रहेगा मौसम
punjabkesari.in Thursday, Nov 26, 2026 - 08:35 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल में शुष्क मौसम के बीच ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में आगामी एक सप्ताह यानी 2 दिसम्बर तक बारिश और बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान मैदानों से लेकर उच्च पर्वतीय क्षेत्रों तक मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क बना रहेगा। हिमाचल में शुष्क मौसम के बीच ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश के निचले इलाकों में रातें राजधानी शिमला से भी ज्यादा सर्द हो गई हैं। वहीं, जनजातीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे रहने के कारण झरनों, नालों और प्राकृतिक जलस्रोतों का पानी जमने लगा है। ऊंचाई वाले जनजातीय क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। यहां रात का तापमान लगातार शून्य से नीचे बना हुआ है।
वीरवार को लाहौल-स्पीति जिले के तीन जनजातीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया। इनमें ताबो सबसे ठंडा रहा, जहां पारा माइनस 4.2 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 4.1 डिग्री और केलांग में माइनस 1.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 30 नवम्बर तक निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों में देर रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से बिलासपुर के भाखड़ा जलाशय क्षेत्र, हमीरपुर के सुजानपुर टिहरा और मंडी की बल्ह घाटी में घने कोहरे का यैलो अलर्ट रहेगा। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से यातायात प्रभावित हो सकता है, ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं, अगले 3-4 दिनों तक राज्य के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।
नवम्बर में 80 फीसदी कम हुई बारिश, चार जिलों में सूखा
बारिश न होने से प्रदेश में सूखे जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 1 से 26 नवम्बर के बीच राज्य में सामान्य (15.9 मिलीमीटर) के मुकाबले मात्र 3.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 80 फीसदी कम है। स्थिति यह है कि बिलासपुर, हमीरपुर, सिरमौर और ऊना में इस महीने एक बूंद भी बारिश नहीं हुई है। इसके अलावा कांगड़ा में 99, मंडी में 98, कुल्लू में 97, सोलन में 96 और शिमला में सामान्य से 90 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

