Shimla: हिमाचल में 73 सरकारी स्कूलों को किया मर्ज, 20 स्कूल किए बंद
punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 09:50 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): प्रदेश सरकार ने जीरो एनरोलमैंट वाले 20 सरकारी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा 73 सरकारी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों को मर्ज कर दिया है। इस संबंध में बुधवार को अधिसूचना जारी की गई। जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 18 प्राथमिक और 2 माध्यमिक स्कूलों को डिनोटिफाई किया गया है। इनमें बिलासपुर, चम्बा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के स्कूल शामिल हैं। बंद किए गए विद्यालयों में सर्वाधिक संख्या जिला शिमला की है, जहां 10 स्कूल प्रभावित हुए हैं।
मंडी जिले में 5 स्कूल बंद किए गए हैं। जिला चम्बा में 2, बिलासपुर और कुल्लू में 1-1 स्कूल बंद किए हैं। सरकार ने यह निर्णय राज्य में शिक्षा व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से लिया गया है। प्रदेश सरकार ने प्रदेश के 73 सरकारी प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों का तत्काल प्रभाव से विलय कर दिया है। यह निर्णय उन स्कूलों के लिए लिया गया है जहां विद्यार्थियों का नामांकन पांच या उससे कम था। मर्ज किए गए स्कूलों में 65 सरकारी प्राथमिक स्कूल और सरकारी माध्यमिक स्कूल शामिल हैं।
इन स्कूलोंं को उनके निकटतम सरकारी प्राथमिक स्कूल, सरकारी केंद्रीय प्राथमिक स्कूल, सरकारी माध्यमिक स्कूल या सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में मिलाया गया है। सबसे ज्यादा जिला मंडी में 18 प्राइमरी स्कूलों को मर्ज किया गया है। जिला शिमला में 13 प्राइमरी स्कूलों को मर्ज किया है। डिनोटिफाई व मर्ज किए गए स्कूलों के शिक्षण और गैर शिक्षक कर्मचारियों का स्थानांतरण किया जाएगा। विद्यालयों के बुनियादी ढांचे, कार्यालय रिकॉर्ड और अन्य स्टॉक वस्तुओं को भी स्थानांतरित किया जाएगा।

