विधानसभा : सीमा पर 5 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को एंट्री टैक्स में मिलेगी छूट : सुक्खू

punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 10:10 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य की सीमा के 5 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले दूसरे राज्य के लोगों को एंट्री टैक्स में छूट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने छोटी गाड़ियों के एंट्री टैक्स में खास बढ़ौतरी नहीं की है, लेकिन 12 टायर वाले वाहनों पर शुल्क में 40 रुपए की बढ़ौतरी की गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की तरफ से प्वाइंट ऑफ ऑर्डर के तहत उठाए गए मामले का उत्तर देते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एंट्री टैक्स का युक्तिकरण करके फास्टैग से जोड़ा गया है। इसके अलावा अलग से यदि कहीं बैरियर लगे होंगे तो उनको हटा दिया जाएगा।

जगह-जगह किए जा रहे प्रदर्शन, पंजाब सरकार से उठाना चाहिए मामला : जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से एंट्री टैक्स लगाने पर विवाद पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी है। जयराम ठाकुर ने प्रश्नकाल के बाद प्वाइंट ऑफ ऑर्डर के तहत इस विषय को उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को किसी भी तरह के विवाद से बचने के लिए इस विषय को पंजाब सरकार से उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार की तरफ से एंट्री टैक्स बढ़ाने का निर्णय लेने के बाद पड़ोसी राज्य के लोग और खासकर टैक्सी व अन्य वाहन ऑप्रेटर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि ऐसे में पंजाब में हिमाचल की गाड़ियों के साथ कोई अनहोनी घटना होती है तो इसकी सारी जिम्मेदारी सरकार की होगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल की आय बढ़नी चाहिए, लेकिन स्थिति ऐसी नहीं बननी चाहिए कि कोई अनहोनी घटनाएं घटित हों। वहीं भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि पंजाब के लोगों की तरफ से 31 मार्च की रात 12 बजे से बॉर्डर जाम करने की धमकी दी गई है। इसलिए इस समस्या का हल सिर्फ 1 दिन में निकलना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News