''सरकार नहीं, मित्रों का सिंडिकेट चला रहे CM सुक्खू'', BJP नेता राजेंद्र राणा ने बोला तीखा हमला

punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 07:22 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिमला में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए राणा ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में कोई चुनी हुई सरकार नहीं चल रही है, बल्कि मुख्यमंत्री मित्रों का सिंडिकेट चला रहे हैं। राजेंद्र राणा ने तंज कसते हुए कहा कि आज उत्तर भारत के सबसे अमीर मुख्यमंत्री होने के साथ-साथ सीएम सुक्खू के नाम 5 अन्य खिताब भी दर्ज हो गए हैं। इनमें सबसे अधिक कर्ज लेना, चहेतों और मित्रों को खुली छूट देना, राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम करना और सबसे अधिक झूठ बोलना शामिल है।

मुख्यमंत्री द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए राजेंद्र राणा ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री के पास कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए नेताओं के बिकने के प्रमाण हैं, तो उसका अदालत के समक्ष प्रस्तुत करें। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय के इर्द-गिर्द कुछ ऐसे लोगों का समूह सक्रिय है, जिनके पास न कोई संवैधानिक पद है और न ही प्रशासनिक दायित्व है। इसके अलावा राज्य में पहली बार ओएसडी, सलाहकार, मीडिया सलाहकार और राजनीतिक नियुक्तियों की लंबी फौज सरकारी कोष पर बोझ डाल रही है। 

राजेंद्र राणा ने कहा कि केंद्र से उदार वित्तीय मदद मिलने और रिकॉर्ड कर्ज लेने के बावजूद राज्य में गंभीर वित्तीय संकट है। केंद्र सरकार से राष्ट्रीय राजमार्गों, आपदा राहत तथा विभिन्न विकास योजनाओं के लिए हजारों करोड़ रुपए मिलने के बाद भी सड़कें बदहाल और पुल क्षतिग्रस्त है। एचआरटीसी आर्थिक संकट से जूझ रही है। कर्मचारियों और पैंशनरों की वित्तीय अदायगियां रोकी गई हैं और पर्यटन निगम के होटल तथा दिल्ली में बन रहे हिमाचल निकेतन जैसी महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों को निजी में देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सरकार के इशारे पर काम करने वाले अधिकारियों को चेताया तथा कहा कि सत्ता स्थायी नहीं रहती, ऐसे में गलत काम करने पर अधिकारियों को भविष्य में उसका जवाब देना होगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News