Shimla: पार्टी विरोधी गतिविधियों पर भाजपा की कार्रवाई, 2 नेता 6 वर्ष के लिए निलंबित
punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 10:44 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): भाजपा ने पंचायतीराज एवं शहरी निकाय चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए गए नेताओं के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। इसके तहत पंचायतीराज एवं शहरी निकाय के लिए गठित अनुशासन समिति को नालागढ़-पंजेहरा मंडल से जिला परिषद चुनाव में किसान मोर्चा जिला महामंत्री ज्ञान ठाकुर द्वारा पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ने तथा किसान मोर्चा जिला प्रवक्ता अमित राणा के खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों की शिकायत प्राप्त हुई थी।
अनुशासन समिति ने शिकायतों पर गंभीरता से विचार-विमर्श करने के उपरांत इसे अनुशासनहीनता का गंभीर मामला माना। समिति ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल को अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की। समिति की अनुशंसा के आधार पर भाजपा प्रदेश ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए नालागढ़ के वार्ड नंबर-14 दनोटा से पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ने पर किसान मोर्चा जिला महामंत्री ज्ञान ठाकुर तथा चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने पर किसान मोर्चा जिला प्रवक्ता अमित राणा को उनके दायित्वों से मुक्त करते हुए पार्टी से 6 वर्ष के लिए निलंबित कर दिया है।

