शिमला पुलिस का बड़ा एक्शन: नशा तस्करी के काले कारोबार में बैंक मैनेजर गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Apr 17, 2026 - 03:06 PM (IST)
हिमाचल डेस्क। हिमाचल में नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एक लोन मैनेजर को नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस द्वारा नशा तस्करों के "बैकवर्ड लिंकेज" यानी पिछले संपर्कों की जांच के दौरान की गई है।
कौन है आरोपी और क्या है आरोप?
यह आरोपी हाल ही में SBI रोहड़ू शाखा में लोन मैनेजर के पद पर तैनात है। आरोपी की पहचान तरुण ठाकुर (33) के रूप में हुई है, जो सिरमौर जिले की राजगढ़ तहसील के चोगटाली गांव का रहने वाला है।
जांच में सामने आया है कि वह न केवल चिट्टा और हेरोइन की खरीद-फरोख्त में शामिल था, बल्कि अमृतसर के मुख्य सप्लायर के साथ सीधे संपर्क में भी था।
वित्तीय लेनदेन से खुला राज
पुलिस को जांच के दौरान आरोपी मैनेजर और मुख्य सप्लायर के बीच ऑनलाइन पैसों के लेनदेन के पुख्ता सबूत मिले हैं। इन सबूतों ने इस अवैध नेटवर्क की पुष्टि की है। इसी आधार पर पुलिस ने गुरुवार को तरुण ठाकुर को NDPS एक्ट की धारा 29 के तहत गिरफ्तार किया।
अब तक 6 गिरफ्तारियां
यह पूरा मामला 9 फरवरी 2026 को शुरू हुआ था, जब जुब्बल में एक स्थानीय महिला को 13.46 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा गया था। इसके बाद पुलिस ने 17 मार्च को मुख्य सप्लायर लुकास उर्फ लकी (अमृतसर) की गिरफ्तारी की। 6 अप्रैल को तीन अन्य आरोपी—आशीष, मनोज ठाकुर और खुशी राम पकड़े गए। बैंक मैनेजर तरुण ठाकुर को छठे आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का बयान
शिमला के एसपी गौरव सिंह ने बताया कि अब तक इस संगठित नेटवर्क के 6 सदस्यों को जेल भेजा जा चुका है। इस नेटवर्क के तार दूसरे राज्यों से जुड़े हुए थे, जिसमें सप्लायर से लेकर स्थानीय स्तर पर नशा बेचने वाले और फाइनेंस देखने वाले लोग शामिल थे। आरोपी बैंक मैनेजर को कोर्ट में पेश किया जाएगा और मामले की आगे की जांच जारी है।

