Shimla: मांगों को लेकर हड़ताल के चलते नहीं चलेंगी 108-102 एम्बुलैंस
punjabkesari.in Sunday, Sep 28, 2025 - 05:13 PM (IST)

शिमला (संतोष): राज्यभर में 108-102 एम्बुलैंस कर्मचारियों के सरकार के अड़ियल रवैये और मांगों को मनवाने को लेकर हड़ताल पर जाने से 2 अक्तूबर से रात 8 बजे से 3 अक्तूबर की रात्रि 8 बजे तक एम्बुलैंस सेवा बाधित रहेगी। यानि 24 घंटों की अवधि के बीच में 108-102 एम्बुलैंस सेवाओं से लोगों को महरूम होना पड़ेगा। हड़ताल के विषय में डीसी के माध्यम से नोटिस भेज दिया है। प्रदेश के 108 व 102 एम्बुलैंस कर्मचारी यूनियन संबंधित सीटू एनएचएम एवं मैडस्वान फाऊंडेशन प्रबंधन की 108-102 एम्बुलैंस कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है।
108-102 एम्बुलैंस कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि मुख्य नियोक्ता एनएचएम के तहत कार्यरत मैडस्वान फाऊंडेशन के अधीन काम कर रहे यह कर्मचारी शोषण का शिकार है। शोषण का आलम यह है कि इन कर्मचारियों को सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम वेतन तक नहीं मिलता है। इन कर्मचारियों से 12 घंटे ड्यूटी करवाई जाती है, लेकिन इन्हें ओवरटाइम का भुगतान नहीं किया जाता है। हाईकोर्ट, लेबर कोर्ट, सीजीएम कोर्ट शिमला व श्रम कार्यालय के आदेशों के बावजूद भी पिछले कई वर्षों से कर्मचारियों का शोषण बरकरार है।
यूनियन के नेतृत्वकारी कर्मचारियों का या तो तबादला कर दिया जाता है या फिर मानसिक तौर पर प्रताड़ित करके नौकरी से त्यागपत्र देने के लिए मजबूर किया जाता है। ईपीएफ व ईएसआई के क्रियान्वयन में भी भारी त्रुटियां हैं। कुल वेतन में इनका मूल वेतन भी कम है। अन्य सभी प्रकार के श्रम कानूनों का भी घोर उल्लंघन हो रहा है। मैडस्वान फाऊंडेशन से पूर्व यह कर्मचारी जीवीके ईएमआरआई के पास कार्यरत थे। इस कंपनी से नौकरी की छंटनी अथवा सेवा समाप्ति पर इन कर्मचारियों को छंटनी भत्ता, ग्रैच्युटी नोटिस पे व अन्य किसी भी सुविधा का भुगतान नहीं किया गया। कर्मचारी भयंकर रूप से शोषित हैं और इसे देखते हुए अपनी मांगों को लेकर 2 अक्तूबर की रात 8 बजे से 24 घंटे की यह हड़ताल की जा रही है।