Shimla: मणिमहेश में फंसे 700 श्रद्धालुओं को वीरवार को सुरक्षित निकाले जाने की संभावना : सुक्खू
punjabkesari.in Wednesday, Sep 03, 2025 - 09:40 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): राज्य सरकार की तरफ से मणिमहेश यात्रा में फंसे करीब 700 श्रद्धालुओं को मौसम अनुकूल होने पर वीरवार को एयरफोर्स हैलीकॉप्टर एमआई-17 की सहायता से सुरक्षित निकाले जाने की संभावना है। सभी यात्री सुरक्षित हैं तथा सरकार की तरफ से उनके खाने एवं ठहरने की उचित व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यह जानकारी यहां सभी जिलों के डीसी-एसपी के साथ हुई वर्चुअल बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। बैठक में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी भरमौर से सैटेलाइट फोन के माध्यम से जुड़े तथा उन्होंने वस्तुस्थिति से अपडेट करवाया। मुख्यमंत्री ने जिला के अधिकारियों को राजस्व मंत्री से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, जो पिछले कई दिनों से भरमौर में हैं और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने किन्नौर में फंसे केरल के छात्रों की नि:शुल्क सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने को भी कहा। उन्होंने बिजली, पेयजल और सड़क संपर्क जैसी आवश्यक सेवाओं को शीघ्र बहाल करने पर विशेष बल दिया। बैठक में एचपीटीडीसी के अध्यक्ष रघुवीर सिंह बाली, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, अतिरिक्त मुख्य सचिव केके पंत, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, विशेष सचिव राजस्व डीसी राणा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे, जबकि सभी जिला के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।
बरसात से 3,526 करोड़ का नुक्सान, सेब सीजन पर ध्यान देने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सेब सीजन को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग और एन.एच.ए.आई. को राज्य के सेब उत्पादक क्षेत्रों में सड़कों की बहाली को प्राथमिकता देने को कहा ताकि बागवानों को नुक्सान न झेलना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष मानसून सत्र में 2 सितम्बर तक 3,526 करोड़ रुपए का कुल नुक्सान आंका गया है। उन्होंने आपदा में मारे गए लोगों की दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को यह अपूरणीय क्षति सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की।
खतरनाक स्थान चिन्हित व ब्लैक स्पॉट दुरुस्त करे सरकार : जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार से आपदा संभावित खतरनाक स्थानों को चिन्हित करने व ब्लैक स्पॉट को दुरुस्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसा करके अनहोनी को टाला जा सकता है। जयराम ठाकुर ने यहां जारी बयान में कहा कि इस समय भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से सैंकड़ों सड़कें बंद होने से जन जीवन अस्त-व्यस्त है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर से लोग फोन करके अपने क्षेत्र में संभावित खतरों की जानकारी दे रहे हैं। कई जगहों पर गांव जमीन धंसने के कारण खतरे में हैं। ऐसे में सतर्कता और सक्रियता से आपदा से होने वाले नुक्सान को कम किया जा सकता है। उन्होंने प्रदेश में जानमाल को हुए नुक्सान के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की।
प्रतिभा सिंह ने प्राकृतिक आपदा पर चिंता जताई
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने प्रदेश में जारी प्राकृतिक आपदा पर चिंता जताई है। उन्होंने मंडी संसदीय क्षेत्र के सुंदरनगर-नाचन विधानसभा क्षेत्र में 7 लोगों की भूस्खलन के कारण दर्दनाक मौत होने पर गहरा दुख प्रकट किया है। इस हादसे में मंडी जिला के युवा कांग्रेस नेता राहुल मंडयाल भी शामिल हैं। उन्होंने रामपुर में निजी बस के ऊपर भूस्खलन होने से उसमें सवार 2 यात्रियों के दुखद निधन पर भी गहरा दुख प्रकट किया है।
बंजार-आनी सड़कों की बहाली के निर्देश
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कुल्लू जिले की स्थिति की समीक्षा करते हुए बंजार और आनी क्षेत्रों में सड़कों की बहाली कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारी मशीनरी को वायुसेना की सहायता से हवाई मार्ग से भेजा जाएगा, ताकि बहाली का कार्य युद्धस्तर पर सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने राज्य विद्युत बोर्ड को शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति तुरंत बहाल करने को भी कहा।