Bilaspur: शाहतलाई की डॉ. वाटिका भारद्वाज को मिली एफएआईसीओ फैलोशिप

punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 07:10 PM (IST)

शाहतलाई (हिमल): शाहतलाई क्षेत्र की होनहार नेत्र विशेषज्ञ डॉ. वाटिका भारद्वाज को नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्हें उपविशेषता ऑकुलोप्लास्टिक सर्जरी में (एफएआईसीओ) परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने पर वर्ष 2025-26 के लिए अखिल भारतीय नेत्र विज्ञान महाविद्यालय की प्रतिष्ठित फैलोशिप प्रदान की गई है। अखिल भारतीय नेत्र विज्ञान सोसायटी द्वारा आयोजित यह भव्य दीक्षांत समारोह 1 फरवरी को नई दिल्ली में संपन्न हुआ।

समारोह में भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश माननीय डॉ. न्यायमूर्ति धनंजय वाई. चंद्रचूड़ मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस गरिमामयी अवसर पर डॉ. डीवाई चंद्रचूड़ ने डॉ. वाटिका भारद्वाज को फैलोशिप प्रमाण पत्र प्रदान किया। काबिलेगौर है कि यह फैलोशिप कठोर परीक्षा, आवश्यक प्रशिक्षण और सघन मूल्यांकन प्रक्रिया के उपरांत ही प्रदान की जाती है, जो डॉ. वाटिका भारद्वाज के समर्पण, परिश्रम और उच्च स्तरीय विशेषज्ञता को दर्शाती है। इस अवसर पर एआईओ एस कॉलेजियम बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. ललित वर्मा, अध्यक्ष डॉ. पार्थ बिस्वास तथा मानद महासचिव डॉ. संतोष होनावर सहित देशभर के अनेक वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News