जब ऑक्सीजन प्लांट को चालू करने के लिए एसडीएम बन गए इंजीनियर

punjabkesari.in Friday, Apr 30, 2021 - 11:47 PM (IST)

चम्बा (काकू चौहान): पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चम्बा में ऑक्सीजन प्लांट को चालू करने की कवायद शुरू हो गई है। एसडीएम सदर शिवम प्रताप सिंह ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। बतौर इंजीनियर वह कार्य कर रहे हैं। हालांकि एनएचपीसी के इंजीनियर, आईटीआई के प्रशिक्षुओं व बिजली बोर्ड के कर्मचारियों की भी मदद ली जा रही है। शुक्रवार को एसडीएम शिवम प्रताप सिंह के नेतृत्व में पूरी टीम ऑक्सीजन प्लांट में मशीनरी को इंस्टाल करने में जुटी रही। इंस्टालेशन का अधिकतर कार्य पूरा भी कर लिया है। शनिवार तक मशीनरी इंस्टाल हो जाएगी, उसके बाद कंपनी द्वारा कमीशनिंग की जाएगी और लैब टैस्टिंग के बाद प्लांट में ऑक्सीजन उत्पादन शुरू हो जाएगा।

मौजूदा समय में जिला के लिए मंडी से ऑक्सीजन की आपूर्ति हो रही है। मंडी से चम्बा की दूरी करीब 300 किलोमीटर है। आपात स्थिति में अगर समय पर आपूर्ति नहीं होती है तो संकट बढ़ सकता है। हालांकि हर रोज ऑक्सीजन की सप्लाई आ रही है। मरीजों को पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन मिल रही है लेकिन जिस तरह से कोरोना के मरीज बढ़ रहे हैं, उससे आने वाले दिनों में ऑक्सीजन का संकट गहरा सकता है। केंद्र सरकार ने मैडीकल कालेज चम्बा के लिए ऑक्सीजन प्लांट स्वीकृत किया है। इसके लिए करोड़ों रुपए की राशि जारी हो गई है और प्लांट का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है लेकिन इसकी कमीशनिंग नहीं हो पाई है। मशीनरी भी कई दिन पहले आ चुकी है। ये उपकरण कई दिनों से प्लांट में पैक पड़े हुए थे।

एसडीएम शिवम प्रताप सिंह ने इंजीनियरिंग की है, जिसके चलते वह शुक्रवार को टीम सहित मौके पर पहुंचे और प्लांट को इंस्टाल करने में जुटे रहे। अब सिर्फ कमीशनिंग का कार्य शेष रह गया है। कंपनी जितनी जल्दी कमीशनिंग के लिए आती है, उतनी जल्दी प्लांट शुरू हो जाएगा। अगर यह ऑक्सीजन प्लांट चालू हो जाता है तो यहां हर रोज ऑक्सीजन का उत्पादन होगा। ऑक्सीजन प्लांट से मैन्युफोल्ड सिस्टम के माध्यम से सीधे बैड पर ऑक्सीजन की सप्लाई दी जाएगी। इससे जहां मरीजों को सुविधा मिलेगी, वहीं सिलैंडर का झंझट भी खत्म हो जाएगा। एसडीएम ने बताया कि एनएचपीसी के इंजीनियर, आईटीआई प्रशिक्षुओं व बिजली बोर्ड कर्मियों की मदद से इंस्टालेशन का कार्य किया जा रहा है। यह कार्य शनिवार तक पूरा हो जाएगा। उसके बाद जैसे ही कंपनी के इंजीनियर कमीशनिंग के लिए आते हैं तो प्लांट चालू कर दिया जाएगा।

मेडिकल कॉलेज चम्बा में 400 ऑक्सीजन सिलैंडर उपलब्ध

मेडिकल कॉलेज चम्बा में वर्तमान में 400 ऑक्सीजन सिलैंडर उपलब्ध हैं। इन सिलैंडरों के माध्यम से ऑक्सीजन दी जा रही है। प्रतिदिन सिलैंडर को रिफिल करवाया जा रहा है। ऑक्सीजन की आपूर्ति मंडी से हो रही है। गंभीर कोरोना मरीजों के लिए ऑक्सीजन बेहद जरूरी है। जिन कोरोना मरीजों को सांस लेने में तकलीफ होती है, उन्हें वैंटीलेटर पर रखा जाता है और ऑक्सीजन दी जाती है। कोरोना संकट काल में ऑक्सीजन लोगों के सुरक्षा कवच का काम करती है। जिला चम्बा में हालांकि अब तक स्थिति नियंत्रण में है और ऑक्सीजन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News