Shimla News: प्रदेश के हितों को बेच हितैषी बनने का ढोंग कर रहे मुख्यमंत्री सुक्खू : जयराम

punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 07:48 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने कार्यकाल के दौरान लगातार प्रदेश के हितों को बेच रहे हैं और खुद को हिमाचल का हितैषी होने का ढोंग रच रहे हैं। प्रदेश के लोग उनकी सच्चाई जान चुके हैं, इसलिए उनके किसी भी झूठ का अब कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। शिमला से जारी बयान में उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद से ही मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल के बजाय मित्रमंडल को तरजीह दी।

हिमाचल प्रदेश ऑन सेल की मुहिम चलाई, जिसमें भाजपा के विरोध और न्यायालय के हस्तक्षेप के कारण सफलता नहीं मिली। अब किशाऊ डैम को लेकर झूठ पर झूठ बोले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री को केंद्र सरकार का आभारी होना चाहिए कि उसने पहले भी हिमाचल प्रदेश के हितों को प्राथमिकता दी और आज भी प्राथमिकता दी है। मुख्यमंत्री की बातों पर यकीन करना मुश्किल है, लेकिन वह जो दावा कर रहे हैं, वह इसलिए संभव हुआ क्योंकि हमारी सरकार के दौरान भी केंद्र सरकार से बातचीत में हमने हिमाचल के हितों को सर्वोपरि रखा था।

हिमाचल के हितों को प्राथमिकता देने के कारण ही यह बातचीत लंबी चली। मुख्यमंत्री को यह समझना चाहिए कि सरकारें बदलने से प्रदेश के हित नहीं बदल जाते और न ही पूर्व सरकार की उपलब्धियों और प्रयासों को खारिज किया जा सकता है। जयराम ठाकुर ने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश के हितैषी मुख्यमंत्री सुक्खू बताएं कि प्रदेश के कई नेताओं के करीबी देशभर में घूम-घूमकर धारा 118 में छूट दिलाने का ठेका ले रहे थे, उन्हें किसका संरक्षण मिला था? कृषि विश्वविद्यालय की 110 हैक्टेयर से ज्यादा जमीन किसके इशारे पर और किसे बेची गई थी?

प्रदेश में धड़ल्ले से हो रहे अवैध खनन को किसका संरक्षण प्राप्त है? प्रदेश में वन माफिया किसके इशारे पर तांडव मचा रहा है? शराब की अवैध फैक्ट्रियों को मुख्यमंत्री कार्यालय में किसका संरक्षण प्राप्त है? चेस्टर हिल जैसे 1500 करोड़ रुपए के घोटाले में आरोपी आला अधिकारियों को कौन बचा रहा था और क्यों बचा रहा था? जयराम ठाकुर ने कहा कि ऐसे बहुत से सवाल हैं, जिनके जवाब मुख्यमंत्री के पास नहीं हैं क्योंकि नीयत में ही खोट है।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से शुक्रवार को जिला सिरमौर के भाजपा समर्थित विजयी जिला परिषद जनप्रतिनिधियों ने राजगढ़ की विधायक रीना कश्यप, शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर तथा जिला सिरमौर के सभी मंडल अध्यक्षों के साथ उनके आधिकारिक आवास पर शिष्टाचार भेंट की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News